आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण की वोटिंग के दौरान हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला आसनसोल से सामने आया है, जहां अग्निमित्रा पॉल की कार पर भीड़ द्वारा हमला किए जाने की खबर ने चुनावी माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया है। इस घटना ने एक बार फिर राज्य में चुनावी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बाल-बाल बचीं उम्मीदवार
जानकारी के मुताबिक, आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के रहमत नगर इलाके में अचानक भीड़ ने BJP उम्मीदवार की कार को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि कार पर ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे खिड़कियों के शीशे पूरी तरह चकनाचूर हो गए। घटना के वक्त अग्निमित्रा पॉल वाहन में ही मौजूद थीं, हालांकि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। लेकिन घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े होने लगे।
बार-बार हो रही हैं ऐसी घटनाएं
वहीं हमले के बाद अग्निमित्रा पॉल ने कहा ‘जैसे ही वह कार में बैठीं, किसी ने बड़े पत्थर से शीशा तोड़ दिया। इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं और यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश है।’
उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दे दी है, हालांकि औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज कराने पर अभी विचार किया जा रहा है।
कौन है अग्निमित्रा पॉल?
बता दें अग्निमित्रा पॉल का राजनीतिक सफर भी चर्चा में रहा है। फैशन डिजाइनिंग की दुनिया से राजनीति में कदम रखने के बाद वह तेजी से उभरीं और वर्तमान में पश्चिम बंगाल भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष हैं। आसनसोल दक्षिण सीट से वह पहले भी चुनाव जीत चुकी हैं और इस बार भी मैदान में हैं।
कई जिलों से हिंसा की खबरें
सिर्फ आसनसोल ही नहीं, बल्कि मुर्शिदाबाद और दक्षिण दिनाजपुर से भी झड़प और हमले की घटनाएं सामने आई हैं। दक्षिण दिनाजपुर में BJP प्रत्याशी पर हमले की खबर आई, जबकि मुर्शिदाबाद में राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हुआ। इन घटनाओं के बाद भारत का चुनाव आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट तलब की है और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने के निर्देश दिए हैं।
पहले चरण की वोटिंग के दौरान इस तरह की घटनाएं यह संकेत देती हैं कि राज्य में चुनावी माहौल बेहद संवेदनशील बना हुआ है। राजनीतिक दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं, वहीं आम मतदाता सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।


