भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए वरिष्ठ नेता अवधेश नायक को प्रदेश कांग्रेस महासचिव नियुक्त किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र (जीतू) पटवारी ने प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के अनुमोदन के बाद उनके नियुक्ति आदेश जारी किए। नियुक्ति पत्र में उनसे पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों और संगठनात्मक अनुशासन के अनुरूप कार्य करते हुए कांग्रेस को मजबूत बनाने की अपेक्षा जताई गई है।
दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद इस नियुक्ति को राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, चुनाव के दौरान अवधेश नायक ने संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसी दौरान उन्हें संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देने का आश्वासन भी दिया गया था, जिसे अब पार्टी नेतृत्व ने पूरा कर दिया है।
यह भी पढ़ें-
अवधेश नायक वर्ष 2023 में भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। उस समय उनके भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा से मतभेद चर्चा का विषय बने थे। कांग्रेस ने उन्हें विधानसभा चुनाव में टिकट भी दिया था। हाल ही में दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद नायक ने नरोत्तम मिश्रा पर भी राजनीतिक हमला बोला था।
उपचुनाव के दौरान एक समय ऐसा भी आया, जब भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी उनसे मिलने पहुंचे थे। इस मुलाकात के बाद प्रदेश की राजनीति में कई तरह की अटकलें शुरू हो गई थीं। हालांकि अवधेश नायक ने उस समय कहा था कि उनके सामने सभी राजनीतिक विकल्प खुले हैं। बाद में कांग्रेस नेतृत्व के साथ उनकी सक्रिय भूमिका और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें अब प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
पार्टी का मानना है कि अवधेश नायक के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का लाभ आगामी चुनावों और प्रदेशभर में संगठन विस्तार के अभियान में मिलेगा।

