मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म ‘उड़ता तीर’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर चर्चा में है। 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने शुरुआती कमाई के बाद शानदार बढ़त दर्ज की है। फिल्म को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। खास बात यह है कि तीसरे दिन की कमाई के मामले में फिल्म ने आयुष्मान खुराना की पिछली सात फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।
पहले दिन से तीसरे दिन की कमाई में बड़ा उछाल
बॉक्स ऑफिस के आंकड़े देने वाली वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, ‘उड़ता तीर’ ने पहले दिन 4.10 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। दूसरे दिन फिल्म की कमाई बढ़कर 7.25 करोड़ रुपये पहुंच गई। इस तरह फिल्म तीसरे दिनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कुल 13.61 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है।
फिल्म को पहले दिन 6,265 शो मिले थे और सिनेमाघरों में दर्शकों की मौजूदगी करीब 13 प्रतिशत रही थी। वहीं दूसरे दिन 6,164 शो के बावजूद ऑक्यूपेंसी बढ़कर 21 प्रतिशत पहुंच गई। शनिवार को फिल्म देखने के लिए 3 लाख 17 हजार से अधिक दर्शक सिनेमाघरों में पहुंचे। दो दिनों में दर्शकों की कुल संख्या पांच लाख के पार पहुंच गई।
आयुष्मान की सात फिल्मों का रिकॉर्ड टूटा
‘उड़ता तीर’ ने तीसरे दिन 13.61 करोड़ रुपये की कमाई करके आयुष्मान खुराना की कई पिछली फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।
इनमें ‘पति पत्नी और वो 2’ का दूसरे दिन का कलेक्शन 5.75 करोड़ रुपये, ‘डॉक्टर जी’ का 5.22 करोड़ रुपये और ‘अंधाधुन’ का 5.10 करोड़ रुपये रहा था। वहीं ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ ने 4.87 करोड़ रुपये और ‘बरेली की बर्फी’ ने 3.95 करोड़ रुपये कमाए थे।
इसके अलावा ‘अनेक’ ने दूसरे दिन 2.20 करोड़ रुपये और ‘एन एक्शन हीरो’ ने 2.16 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इन सभी फिल्मों के मुकाबले ‘उड़ता तीर’ की दूसरे दिन की कमाई अधिक रही है।
दुनियाभर में 16 करोड़ के पार पहुंची फिल्म
भारतीय बॉक्स ऑफिस के साथ विदेशी बाजार में भी फिल्म को अच्छा समर्थन मिल रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने भारत में 13.53 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। वहीं दुनियाभर में इसकी कुल कमाई 16.28 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
फिल्म का निर्देशन आकाश कौशिक और अमित मलिक ने किया है। इसमें आयुष्मान खुराना और सारा अली खान के अलावा राम कपूर, राहुल बोस, गुलशन ग्रोवर, पारुल गुलाटी और ब्रिजेंद्र काला जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
यह भी पढ़ें: MP में SEBI जल्द शुरु करेगा प्रोजेक्ट जागरूक अभियान, युवाओं को फर्जी निवेश स्कीमों से बचाने पर जोर
कहानी में कॉमेडी के साथ एक्शन का तड़का
फिल्म की कहानी एक पाकिस्तानी एजेंट के इर्द-गिर्द घूमती है, जो भारत आता है, लेकिन यहां पहुंचने के बाद उसकी याददाश्त चली जाती है। इसके बाद वह भारत को ही अपना देश समझने लगता है। इसी घटनाक्रम के बीच फिल्म में कॉमेडी, एक्शन और रोमांच देखने को मिलता है।
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की जोड़ी भी दर्शकों को पसंद आ रही है। दूसरे दिन कमाई में आई बढ़ोतरी से फिल्म के निर्माताओं की उम्मीदें बढ़ गई हैं। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म अपनी कमाई की रफ्तार बरकरार रख पाती है या नहीं।

