छतरपुर: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पांच दिवसीय हिंदू सनातन एकता रथ यात्रा रविवार से शुरू हो रही है। यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार बाबा बागेश्वर के लिए खास वैनिटी वैन तैयार की गई है, जिसे पूरी तरह भगवा रंग के पोस्टरों से सजाया गया है। वैन पर भगवान हनुमान का विशाल स्वरूप भी बनाया गया है। यात्रा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री इसी वैन में सफर करेंगे और भक्तों से संवाद करेंगे।
वैनिटी वैन में लगाई गई खास लिफ्ट
यात्रा के लिए तैयार की गई वैनिटी वैन में विशेष लिफ्ट लगाई गई है, जिसकी मदद से धीरेंद्र शास्त्री ऊपर आकर श्रद्धालुओं को संबोधित कर सकेंगे। यात्रा में बालाजी के लिए अलग रथ भी तैयार किया गया है।
धीरेंद्र शास्त्री ने यात्रा से पहले लोगों से सनातन धर्म के लिए एकजुट होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह विचारों की यात्रा है, जिसका उद्देश्य देशभर में लोगों को सनातन से जोड़ना है। यात्रा की शुरुआत राष्ट्रगान और हनुमान चालीसा के पाठ के साथ की जाएगी।
पहले दिन पन्ना में होगा रात्रि विश्राम
पांच दिनों तक चलने वाली यह यात्रा मध्य प्रदेश के पांच जिलों से होकर गुजरेगी। पहले दिन यात्रा बागेश्वर धाम से शुरू होकर गंज, बमीठा और चंद्रनगर होते हुए अजयगढ़ पहुंचेगी। यहां दोपहर में विश्राम किया जाएगा। इसके बाद यात्रा पन्ना पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है।
यात्रा में बुंदेलखंड सहित देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। धीरेंद्र शास्त्री ने सनातन धर्म के अनुयायियों से यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है।
कई बड़े संत और कथावाचक होंगे शामिल
इस यात्रा में देश के कई प्रमुख संत और कथावाचक भी शामिल होंगे। पहले दिन वृंदावन के कथावाचक इंद्रेश महाराज, देवी चित्रलेखा, अयोध्या हनुमानगढ़ी के राजू दास महाराज, मलूक पीठ के गंगा दास महाराज, हरिद्वार के मोनी महाराज और चित्रकूट के राधेश्याम महाराज की सहभागिता प्रस्तावित है।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य हिंदू राष्ट्र के संकल्प और सनातन एकता के विचार को लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने यात्रा का विरोध करने वालों को लेकर भी कहा कि वे भी हमारे अपने हैं और उनके माध्यम से भी हमारी बात लोगों तक पहुंच रही है।
यह भी पढ़ें: आलीराजपुर में दो खेतों से एक करोड़ का गांजा जब्त, 2040 पौधे मिले
300 से 400 वाहनों के शामिल होने का अनुमान
यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी तैयारियों में जुटा है। छतरपुर कलेक्टर मृणाल मीणा और एसपी रजत सकलेचा ने बागेश्वर धाम पहुंचकर अधिकारियों के साथ बैठक की।
यात्रा में करीब 300 से 400 वाहनों के शामिल होने का अनुमान है। इसे देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सुरक्षा के लिए दूसरे जिलों से भी पुलिसकर्मी बुलाए गए हैं। महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई जा रही है।
प्रशासन का प्रयास है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और आम लोगों का यातायात भी प्रभावित न हो। इसके लिए यात्रा मार्ग पर विशेष व्यवस्था की जा रही है। पांच दिवसीय यह यात्रा 11 अक्टूबर से शुरू होकर 15 अक्टूबर तक चलेगी। यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रम और संतों के संबोधन आयोजित किए जाएंगे।

