बहराइच: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराजा सुहेलदेव की वीरभूमि बहराइच के महसी और नानपारा विधानसभा क्षेत्रों में ₹352 करोड़ से अधिक लागत की 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र और चेक भी वितरित किए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा –
“बहराइच अब रुकने वाला नहीं है, बल्कि विकास के पथ पर गौरव के साथ आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और प्रदेश के प्रत्येक जिले को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।”
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 9 वर्ष पहले भू माफिया, सैंड माफिया और वन माफिया सत्ता के संरक्षण में बहराइच के प्राकृतिक संसाधनों को लूटते थे। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत कर माफिया राज पर प्रभावी कार्रवाई की है।
यह भी पढ़ें-
MP विधानसभा मानसून सत्र 2026: आज UCC समेत 8 विधेयकों पर चर्चा, विपक्ष करेगा विरोध
योगी आदित्यनाथ ने महाराजा सुहेलदेव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें स्वतंत्र भारत में सबसे पहले सम्मान मिलना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारों ने उनके योगदान को वह सम्मान नहीं दिया जिसके वे अधिकारी थे। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि बहराइच अब Aspirational District से Inspirational District बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि विकास योजनाओं, बेहतर कानून व्यवस्था और बुनियादी ढांचे के विस्तार ने जिले की नई पहचान बनाई है।
वहीं समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सैफई खानदान सारे पैसे को हड़प जाता था, जबकि वर्तमान सरकार विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अब उपद्रव नहीं होता है, उत्तर प्रदेश आज ‘उत्सव प्रदेश’ के रूप में नई पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था और विकास दोनों क्षेत्रों में व्यापक बदलाव देखने को मिला है।

