Tuesday, June 2, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsदे धक्का आंदोलन के साथ बहुजन मुक्ति पार्टी का चरणबद्ध आंदोलन सम्पन्न,...

दे धक्का आंदोलन के साथ बहुजन मुक्ति पार्टी का चरणबद्ध आंदोलन सम्पन्न, विभिन्न मांगों को लेकर होंगा अब जेल भरो आंदोलन

बालाघाट। रविवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर स्थित मुख्य द्वार पर एक अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। जहां बहुजन मुक्ति पार्टी द्वारा पेट्रोल डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों सहित महंगाई के खिलाफ किए गए एक दिवसीय धरना प्रदर्शन में वाहनों को धक्का देकर विरोध किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियो ने ना सिर्फ पेट्रोल- डीजल बल्कि रसोई गैस के बढ़ते दाम और लगातार बढ़ती जा रही मंहगाई के खिलाफ आंदोलन किया। इसी के साथ बेरोजगारी, स्मार्ट मीटर, ईवीएम मशीन बैन सहित वर्षो से लंबित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर भी अपनी आवाज बुलंद की।

इस अनोखे प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पहले तो सड़क से गुजरने वालो वाहनों को धक्का देकर महंगाई का पुरजोर विरोध किया। वही अपनी अन्य मांगो को लेकर जमकर नारेबाजी करते हुए,धरना प्रदर्शन कर एक ज्ञापन भी सौपा है। ज्ञापन में सभी मांगो को जल्द से जल्द पूरा कराए जाने की गुहार लगाते हुए, मांग पूरी ना होने पर अब जेल भरो आंदोलन किए जाने की चेतावनी भी दी गई है।

चूल्हा जलाकर बनाई थी चाय रोटी

बता दें बहुजन मुक्ति पार्टी द्वारा इसके पूर्व पहले चरण में 12 मई को लालटेन जलाओ आंदोलन भी किया गया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अंबेडकर चौक में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर, जमकर नारेबाजी की थी। प्रदर्शन में प्रशासन को लालटेन भेंट कर अपना विरोध जताया था।

तो वही 20 मई को कलेक्टर गेट के सामने चूल्हा जलाकर चाय रोटी बनाकर चरणबद्ध आंदोलन के तहत गैस के बढ़ते दामो को लेकर पुनः अपना विरोध जताया था।

आज अंतिम तीसरे चरण के तहत सड़क से गुजरने वाले वाहनों को धक्का देकर पेट्रोल डीजल की बढ़ती हुई कीमतों का विरोध किया है। जहां दे धक्का आंदोलन के साथ बहुजन मुक्ति पार्टी द्वारा किया जा रहा चरणबद्ध आंदोलन आज संपन्न हुआ। इसके उपरांत प्रदर्शनकारियों ने अब अपनी इन्हीं मांगों को लेकर जेल भरो आंदोलन करने की रणनीति बनाई है।

आयोजित धरना प्रदर्शन में बहुजन मुक्ति पार्टी जिला अध्यक्ष इंजी.हीरालाल भगत, लोकसभा प्रभारी सदाशिव हरिनखेडे, राष्ट्रीय आदिवासी एकता परिषद के जिलाध्यक्ष सुशील कुशराम,उपाध्यक्ष केवलसिंह उईके, राष्ट्रीय मूलनिवासी महिला प्रकोष्ठ,संभागीय प्रभारी नर्मदा नागवंशी,भारत मुक्ति मोर्चा के जिला प्रभारी रामदास ठवकर, कार्यकारी जिला अध्यक्ष विकास खांडेकर,भारत मुक्ति मोर्चा कार्यकारी जिला अध्यक्ष विमल कुमार, ज्ञानदास जगने, भागचंद गौतम, सविता उइके,गीता बाई मेश्राम, भागवंती बाई डाहरे, विघा बाई बोरकर, वंदना मेश्राम, पूर्णिमा वानखेड़े, पुना बोरकर, और वच्छ्ला बाई इंगेले, सहित अन्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

इन मांगो को पूरा करने की लगाई गुहार

धरना-प्रदर्शन के माध्यम से प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को तत्काल बंद कर पूर्व की तरह पारदर्शी और विश्वसनीय बिजली मीटर लगाने की मांग की। उनका आरोप है कि कई उपभोक्ताओं को पर्याप्त विद्युत आपूर्ति न मिलने के बावजूद स्मार्ट मीटर के जरिए मनमाने और अधिक बिजली बिल थोपे गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने ऐसे सभी उपभोक्ताओं को अतिरिक्त वसूली गई राशि वापस करने की मांग करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर प्रणाली ने आम जनता का आर्थिक शोषण किया है। साथ ही उन्होंने स्मार्ट मीटर परियोजना को मंजूरी देने वाले जिम्मेदार अधिकारियों, चेयरमैन और संबंधित निर्णयकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई।

प्रदर्शनकारियों ने घरेलू गैस सिलेंडर 400 रुपये और कमर्शियल गैस सिलेंडर 700 रुपये में उपलब्ध कराने, गैस की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाने तथा इसमें शामिल एजेंसियों और एजेंटों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना था कि कमर्शियल गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट संचालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है, जिसकी भरपाई सरकार द्वारा की जानी चाहिए। इसके अलावा वर्षों से इन प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों और कारोबारियों को भी उचित मुआवजा देने की मांग की गई।

धरने में लगातार बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों को आधा करने, आम जनता को महंगाई से राहत देने तथा ईवीएम (EVM) पर प्रतिबंध लगाने सहित विभिन्न जनहितकारी मांगों को भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से इन सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।

बहुजन मुक्ति पार्टी के लोकसभा प्रभारी सदाशिव हरिनखेड़े तथा राष्ट्रीय मूलनिवासी महिला प्रकोष्ठ की संभागीय प्रभारी नर्मदा नागवंशी ने संयुक्त रूप से बताया कि पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘दे धक्का आंदोलन’ के तहत तीसरे चरण का प्रदर्शन सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इसी के साथ आंदोलन का तीसरा चरण पूरा हो गया है।

उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम जनता का जीवन मुश्किल कर दिया है। पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ने से आम नागरिकों, किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। स्थिति यह हो गई है कि लोगों के लिए अपने वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरवाना भी चुनौती बन गया है।

इन्हीं मुद्दों को लेकर संगठन द्वारा धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति और सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रदेश संगठन के आह्वान पर अगले चरण में आक्रोश रैली निकाली जाएगी और जेल भरो आंदोलन शुरू किया जाएगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal- 24 to 30 May 2026
Bhopal- 17 to 23 May 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन