घंसौर: सावन के पावन महीने में घंसौर क्षेत्र में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला पिछले चार वर्षों से लगातार सावन माह में आयोजित हो रही बजरंगी कांवड़ यात्रा इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई।
घंसौर से मंडला पहुंचे बजरंगी कांवड़ियों ने मां नर्मदा की पूजा-अर्चना कर पवित्र जल कांवड़ में भरा और पैदल यात्रा करते हुए घंसौर के लिए रवाना हुए।
कांवड़िए मां नर्मदा का जल लेकर घंसौर पहुंचे इस दौरान रास्तेभर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से वातावरण शिवमय बना रहा। यात्रा के दौरान ग्रामवासियों एवं क्षेत्र के लोगों ने जगह-जगह कांवड़ियों का स्वागत किया और सेवा-सत्कार कर उनका उत्साह बढ़ाया।
घंसौर पहुंचने के बाद बजरंगी कांवड़िए श्रीराम मंदिर पहुंचे, जहां कांवड़ में लाए गए मां नर्मदा के पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का विधि-विधानपूर्वक जलाभिषेक किया गया इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
चार वर्षों से जारी है बजरंगी कांवड़ यात्रा
बजरंगी कांवड़ यात्रा का आयोजन लगातार पिछले चार वर्षों से सावन माह में किया जा रहा है। यात्रा की परंपरा के अनुसार कांवड़िए घंसौर से मंडला पहुंचते हैं, जहां मां नर्मदा के तट पर पूजा-अर्चना के बाद पवित्र जल कांवड़ में लेकर घंसौर के श्रीराम मंदिर के लिए पैदल रवाना होते हैं। घंसौर पहुंचकर इसी जल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया जाता है।
इस धार्मिक यात्रा के चलते पूरा क्षेत्र शिवभक्ति और धार्मिक आस्था के रंग में रंगा नजर आया।

