Tuesday, November 24, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsबालाघाट में पर्यटन को नई उड़ान, गांवों में होम स्टे से लेकर...

बालाघाट में पर्यटन को नई उड़ान, गांवों में होम स्टे से लेकर वाटर स्पोर्ट्स तक की तैयारी

बालाघाट: बालाघाट अब सिर्फ खनिज और धान के लिए नहीं, बल्कि ग्रामीण पर्यटन के लिए भी अपनी नई पहचान बनाने की तैयारी में है। जिले के पर्यटन ग्रामों में होम स्टे, स्थानीय शिल्प और एडवेंचर गतिविधियों को एक साथ जोड़कर पर्यटन को रोजगार से जोड़ने की बड़ी योजना पर काम शुरू हो गया है।

इसी कड़ी में जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के अध्यक्ष एवं कलेक्टर आदित्य सिंह ने केरा, पीपरटोला, टेकाड़ी और गांगुलपारा जलाशय का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर व्यवस्थाएं देखीं, होम स्टे संचालकों से बात की और अधिकारियों को पर्यटन को नई दिशा देने के निर्देश दिए।

केरा-पीपरटोला में होम स्टे का लिया जायजा

कलेक्टर सिंह ने सबसे पहले पर्यटन ग्राम केरा और पीपरटोला में होम स्टे की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने होम स्टे संचालकों और अनुपमा एजुकेशन सोसाइटी के प्रतिनिधियों से चर्चा कर पूछा कि अब तक कितने पर्यटक आए, उनका अनुभव कैसा रहा और किन सुविधाओं की कमी है।

कलेक्टर ने कहा कि होम स्टे सिर्फ रुकने की जगह नहीं होना चाहिए। उसमें गांव की मिट्टी की खुशबू, ग्रामीण जीवनशैली, परंपरा, खान-पान और लोक संस्कृति की झलक दिखनी चाहिए, ताकि पर्यटक यहां से सिर्फ तस्वीरें नहीं, बल्कि यादें लेकर जाएं।

उन्होंने संचालकों को साफ-सफाई, अच्छा भोजन, स्थानीय अतिथि सत्कार और बेहतर सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही जिले के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी एक ही जगह मिले, इसके लिए एक समर्पित वेबसाइट तैयार करने को भी कहा।

टेकाड़ी में शिल्प से जुड़ रहा रोजगार

इसके बाद कलेक्टर टेकाड़ी पहुंचे, जहां ‘रिस्पांसिबल सॉवेनियर क्राफ्ट प्रोजेक्ट’ के तहत प्रशिक्षण संस्थान संचालित हो रहा है। यहां स्थानीय संसाधनों से हस्तशिल्प उत्पाद और फाइन आर्ट पेंटिंग्स तैयार की जा रही हैं।

कलेक्टर ने प्रशिक्षण और उत्पादन कार्यों को देखा और स्थानीय कलाकारों के हुनर की सराहना की। उन्होंने कहा कि बालाघाट के पारंपरिक हुनर में दम है। अगर इसे पर्यटन और बाजार से जोड़ा जाए तो गांव में ही महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे। पर्यटक जब यहां आएंगे तो स्थानीय शिल्प खरीदेंगे, इससे कलाकारों को सीधा फायदा होगा।

गांगुलपारा में वाटर स्पोर्ट्स की तैयारी

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने गांगुलपारा जलाशय का भी निरीक्षण किया। विशाल जलाशय को देखकर उन्होंने वहां वाटर स्पोर्ट्स शुरू करने की संभावना तलाशने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि इसके लिए जल्द प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाए।

वहीं टेकाड़ी और आसपास के पर्यटन ग्रामों में एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियां विकसित करने का भी प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। कलेक्टर का मानना है कि वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर गतिविधियां शुरू होने से बालाघाट में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी और जिला पर्यटन मानचित्र पर और मजबूती से उभरेगा।

यह भी पढ़ें: धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली उपार्जन समिति की बैठक

स्थानीय लोगों को होगा सीधा लाभ

इस पूरी योजना का सबसे बड़ा फायदा स्थानीय लोगों को होगा। होम स्टे से ग्रामीण परिवारों को आमदनी मिलेगी, शिल्प से कलाकारों को बाजार मिलेगा और पर्यटन गतिविधियों से गाइड, वाहन चालक, भोजन और छोटे व्यवसायों को काम मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के नोडल अधिकारी विकास कुमार रघुवंशी, टेकाड़ी सरपंच रश्मि तारा कावरे, सचिव ज्ञानेन्द्र कटरे, अनुपमा सोसाइटी की कोऑर्डिनेटर भूमि गेडाम, ग्राम पर्यटन समिति के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार सोनी तथा सातनारी शिल्प गुरुकुल के कोऑर्डिनेटर सुभाष चौरे उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन