नए साल से पहले माँ शारदा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, त्रिकूट पर्वत पर लाखों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

मैहर। माँ शारदा का यह धाम केवल धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है।जहाँ हर दिन विश्वास, भक्ति और भावनाओं का अद्भुत संगम दिखाई देता है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि नए साल की शुरुआत माँ शारदा के आशीर्वाद से ही शुभ और मंगलमय होती है।

नए साल के एक दिन पहले मां शारदा धाम आस्था का केंद्र बना। त्रिकूट पर्वत पर विराजमान 51 शक्तिपीठों में से एक माँ शारदा के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। देश-प्रदेश से पहुंचे भक्त अपनी मनोकामनाएँ लेकर माँ के चरणों में शीश नवाते दिखाई दिए। कड़ाके की ठंड के बावजूद भी हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े हुए ताकि वो सुबह की पहली आरती में शामिल हो सकें।

माना जाता है कि मन से की गई हर प्रार्थना माँ शारदा अवश्य पूरी करती हैं। यही कारण है कि श्रद्धालु आने वाले वर्ष 2026 को सुख-समृद्धि और खुशहाली से भरने की कामना के साथ माँ के दरबार में मत्था टेक रहे हैं।

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने विशेष व्यवस्थाएँ की हैं। दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया गया है और जगह-जगह अलाव की भी व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही 1100 रुपये के विशेष पैकेज में शीघ्र दर्शन और रोपवे सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस पैकेज के अंतर्गत जरूरतमंद और गरीब कन्याओं के लिए साड़ी-चुनरी का प्रावधान भी रखा गया है, जिसका वितरण विशेष निगरानी में किया जा रहा है।

माँ शारदा धाम के पवन महाराज, प्रधान पुजारी ने नए साल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि- साल के शुरू होने से पहले लाखों श्रद्धालु दर्शन कर चुके है। व्यवस्थाओं के लेकर पुजारी ने बताया कि- भीड़ को देखते हुए संपर्ण व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु साल के शुरू होने पर माँ के दर्शन करते है ताकि पूरा साल अच्छा बीते।