बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पारिवारिक विवाद के चलते सामूहिक हत्याकांड का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक कैब ड्राइवर ने अपनी पत्नी, सास, दो सालों, दो सालियों और भांजे की कथित तौर पर सिल-बट्टे से वार कर हत्या कर दी। आरोपी ने वारदात के बाद शवों को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाया और घर में खून के निशान मिटाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी इंदुशेखर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान रूपावती, उनकी बेटी और आरोपी की पत्नी सुनीता, बेटे शिवकुमार और शंकर, बहुएं दिव्या और नलिनी तथा पोते पुनीत के रूप में हुई है। सभी श्रीरामपुरा इलाके के रहने वाले थे और राजाजीनगर में भाश्याम सर्कल के पास रहते थे।
मायके से पत्नी की नजदीकी बनी विवाद की वजह
जांच में सामने आया है कि इंदुशेखर और सुनीता की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी। शुरुआती दौर में वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन पिछले कुछ समय से घरेलू मामलों को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहे थे। सुनीता का अपनी मां और भाइयों से गहरा लगाव था। आरोपी को पत्नी का मायके आना-जाना पसंद नहीं था। उसने इस पर पाबंदी लगाने की कोशिश भी की, लेकिन सुनीता ने परिवार से संबंध नहीं तोड़े।
पुलिस के अनुसार, परिवार के बुजुर्गों ने कई बार दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद जारी रहे। आरोपी अपनी परेशानियों के लिए पत्नी के मायके वालों को जिम्मेदार मानने लगा और उसने पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रच डाली।
पहले पत्नी, फिर परिवार के छह सदस्यों को मारा
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी ने सबसे पहले पत्नी सुनीता के सिर पर सिल-बट्टे से हमला कर उसकी हत्या की। इसके बाद शव को कार में रखकर नंदी हिल्स ले गया और वहां फेंक दिया। पत्नी के लापता होने पर किसी को शक न हो, इसके लिए उसने पड़ोसियों को बताया कि सुनीता अपनी सहेलियों के साथ घूमने गई है। उसने उसका मोबाइल फोन भी बंद कर दिया।
इसके बाद आरोपी ने अपने सालों शिवकुमार और शंकर को घर बुलाया। तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान आरोपी ने सिल-बट्टे से हमला कर दोनों की हत्या कर दी। बाद में उसने शंकर की पत्नी नलिनी, शिवकुमार की पत्नी दिव्या, अपनी सास रूपावती और शंकर के बेटे पुनीत को भी मौत के घाट उतार दिया।
यह भी पढ़ें: धनतेरस पर सोना-चांदी हुआ सस्ता, सोना ₹1.41 लाख और चांदी ₹1.81 लाख पर, खरीदारी का सुनहरा मौका
सबूत मिटाने के लिए घर में की सफाई
वारदात के बाद आरोपी ने शवों को एक ही स्थान पर रखने के बजाय अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगाया। पुलिस के मुताबिक, उसने घर में फैले खून के निशान साफ किए और सिल-बट्टे को रासायनिक पदार्थ से साफ कर सबूत मिटाने की कोशिश की। वारदात में इस्तेमाल कार समेत अन्य सामान पुलिस ने जब्त कर लिया है।
नलिनी की मां ने उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो पूछताछ और अन्य सुरागों के आधार पर सात हत्याओं का खुलासा हुआ। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने नंदी हिल्स समेत कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। कई घंटे की तलाश के बाद पुनीत का शव बरामद कर लिया गया।
पुलिस की विशेष टीमें बाकी छह शवों की तलाश में जुटी हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल, शवों को ले जाने के रास्तों और सबूत मिटाने की कोशिशों की विस्तृत जांच की जा रही है।

