Thursday, September 17, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsदेश की टॉप-10 स्पोर्ट्स सिटी बनने की राह पर भोपाल

देश की टॉप-10 स्पोर्ट्स सिटी बनने की राह पर भोपाल

भोपाल: राजधानी भोपाल देश की टॉप-10 स्पोर्ट्स सिटीज में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। नाथूबरखेड़ा में विकसित किया जा रहा इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स इस दिशा को बड़ा कदम माना जा रहा है। करीब 140 एकड़ में बन रहे इस कॉम्प्लेक्स में कई खेलों की सुविधाएं एक ही परिसर में विकसित की जा रही हैं।

परियोजना का निर्माण तीन चरणों में किया जा रहा है। पहले चरण के लिए करीब 350 करोड़ रुपये और दूसरे चरण के लिए 450 करोड़ रुपये की लागत स्वीकृत की गई है। अब तक परियोजना के लिए कुल 800 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं।

एक ही परिसर में कई खेल सुविधाएं

नाथूबरखेड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अलग-अलग खेलों के प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यहां खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के साथ हॉस्टल, स्पोर्ट्स साइंस, स्पोर्ट्स मेडिसिन और रिकवरी सेंटर जैसी सुविधाओं को भी एक साथ विकसित करने की योजना है।

इसका उद्देश्य ऐसा खेल इकोसिस्टम तैयार करना है, जहां खिलाड़ियों को प्रशिक्षण से लेकर रिकवरी तक की सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकें। साथ ही देशभर से राष्ट्रीय शिविर भोपाल लाने में भी मदद मिल सकेगी।

महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप से होगी अंतरराष्ट्रीय शुरुआत

नाथूबरखेड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को अपना पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय आयोजन भी मिल चुका है। अक्टूबर-नवंबर में यहां महिला एशियन हॉकी चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी।

चैंपियनशिप में भारत के अलावा चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी। इस आयोजन को भोपाल के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

भोपाल में पहले से मौजूद हैं कई बड़े खेल केंद्र

भोपाल की ताकत सिर्फ नाथूबरखेड़ा तक सीमित नहीं है। शहर में पहले से ही बिशनखेड़ी की शूटिंग अकादमी, बड़े तालाब की वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी, टीटी नगर स्टेडियम, साई एथलेटिक्स सेंटर और ऐशबाग स्टेडियम जैसे प्रमुख खेल केंद्र मौजूद हैं।

अगर इन सभी सुविधाओं को नाथूबरखेड़ा इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से जोड़ा जाता है, तो भोपाल में प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और हाई-परफॉर्मेंस स्पोर्ट्स का एक मजबूत और एकीकृत नेटवर्क तैयार किया जा सकता है।

खेल आयोजनों से बढ़ेगा रोजगार और पर्यटन

भोपाल में बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन बढ़ने से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ शहर की अर्थव्यवस्था को भी फायदा हो सकता है। खेल आयोजनों से होटल, पर्यटन, परिवहन, स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

अहमदाबाद और भुवनेश्वर जैसे शहरों में बड़े खेल आयोजनों के जरिए विकसित हुए स्पोर्ट्स इकोसिस्टम को इसका उदाहरण माना जाता है।

अगर प्रस्तावित सुविधाएं समय पर पूरी होती हैं और शहर के मौजूदा खेल केंद्रों को इस परिसर से प्रभावी तरीके से जोड़ा जाता है, तो भोपाल देश के प्रमुख स्पोर्ट्स हब में अपनी जगह मजबूत कर सकता है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

13 to 19 September 2026
6 to 12 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन