Thursday, September 17, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल में बनेगा अत्याधुनिक स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क, सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे...

भोपाल में बनेगा अत्याधुनिक स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क, सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे शिलान्यास; 15 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल को औद्योगिक विकास की दिशा में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को भोपाल के सतगढ़ी क्षेत्र में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन और शिलान्यास करेंगे। यह कार्यक्रम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश और देशभर से करीब 200 उद्योगपति, निवेशक और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

करीब 173 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला यह स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क आधुनिक औद्योगिक सुविधाओं से लैस होगा। पार्क में चौड़ी सड़कें, आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित इंफ्रास्ट्रक्चर, आधुनिक लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउस और डिजिटल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे निवेशकों को विश्वस्तरीय औद्योगिक वातावरण मिलेगा और भोपाल निवेश का प्रमुख केंद्र बन सकेगा।

15 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार

राज्य सरकार के अनुसार इस महत्वाकांक्षी परियोजना से 15 हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। पार्क में उच्च मूल्य विनिर्माण (High Value Manufacturing), गारमेंट, टॉयज, आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, लॉजिस्टिक्स और नई तकनीकों से जुड़े उद्योग स्थापित किए जाएंगे। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ-साथ क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

बनेगा विश्वस्तरीय कन्वेंशन और एग्जिबिशन सेंटर

परियोजना के तहत 25 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक कन्वेंशन एवं एग्जिबिशन सेंटर भी विकसित किया जाएगा। इसमें एक साथ 10 हजार से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता होगी। यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेश सम्मेलन, व्यापारिक प्रदर्शनियां और बड़े औद्योगिक आयोजन आयोजित किए जा सकेंगे।

कोलार क्षेत्र को मिलेगी नई पहचान

अब तक मुख्य रूप से आवासीय क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाले कोलार क्षेत्र को इस परियोजना से नई औद्योगिक पहचान मिलेगी। उद्योगों की स्थापना के साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे, जिससे पूरे क्षेत्र के तेज़ी से विकास की संभावना है।

पर्यावरण अनुकूल होगी परियोजना

स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क को ग्रीन और सस्टेनेबल मॉडल पर विकसित किया जाएगा। यहां स्मार्ट जल प्रबंधन प्रणाली, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग सिस्टम, इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग स्टेशन और आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

बेहतर कनेक्टिविटी से मिलेगा उद्योगों को फायदा

यह पार्क राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, कोलार रोड और प्रस्तावित वेस्टर्न बायपास से बेहतर तरीके से जुड़ा रहेगा। उत्कृष्ट कनेक्टिविटी के कारण उद्योगों की स्थापना, परिवहन और व्यापारिक गतिविधियों को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

13 to 19 September 2026
6 to 12 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन