रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ₹250 करोड़ मूल्य की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर दो अवैध मैरिज गार्डनों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
अनाथालय के पास सरकारी जमीन पर था कब्जा
कार्रवाई शहर के धोबिया टंकी क्षेत्र में अनाथालय के पास स्थित शासकीय भूमि पर की गई। यहां लंबे समय से उत्सव मैरिज गार्डन और विंध्य मैरिज गार्डन का संचालन कथित रूप से सरकारी जमीन पर किया जा रहा था। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दोनों परिसरों को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया।
सीमांकन के बाद चला बुलडोजर
कार्रवाई से पहले राजस्व विभाग ने भूमि का विधिवत सीमांकन कराया। सरकारी जमीन की पुष्टि होने के बाद बुलडोजर और अन्य मशीनों की मदद से अवैध निर्माण हटाए गए। पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
यह भी पढ़ें-
दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन-2026 : तैयारियां अंतिम चरण में, प्रशासन ने किए व्यापक इंतजाम
प्रशासन का साफ संदेश
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में जहां भी शासकीय भूमि पर अतिक्रमण मिलेगा, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा न करें और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में प्रशासन का सहयोग करें।

