नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी में छह सीटों पर उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह 7 बजे मतदान शुरू हो गया। इनमें पांच विधानसभा और एक लोकसभा सीट शामिल है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए चुनाव आयोग ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सभी सीटों पर मतगणना 9 अक्टूबर को होगी।
किन सीटों पर हो रहा मतदान
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजिनगर, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम, पुडुचेरी की थट्टांचावडी विधानसभा सीट तथा असम की नगांव लोकसभा सीट पर मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम आरक्षित विधानसभा सीटों पर मुख्य मुकाबला डीएमके और एआईएडीएमके के बीच माना जा रहा है। मतदान शुरू होने से पहले राजनीतिक दलों के एजेंटों की मौजूदगी में ईवीएम की कार्यप्रणाली जांचने के लिए मॉक पोल कराया गया। दोनों सीटों पर तमिलनाडु पुलिस के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई है।
बंगाल में हुमायूं कबीर हिरासत में
पश्चिम बंगाल के रेजिनगर में मतदान के दौरान आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस उन्हें मुर्शिदाबाद स्थित पार्टी कार्यालय से अपने साथ ले गई। हालांकि, पुलिस ने हिरासत में लिए जाने की वजह तत्काल स्पष्ट नहीं की है। कबीर ने मतदान शुरू होने के बाद रेजिनगर सीट पर अपना वोट भी डाला था।
उनके बेटे गुलाम नबी आजाद रेजिनगर से चुनाव मैदान में हैं। वहीं नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान ने आरोप लगाया कि उनके पोलिंग एजेंटों को जबरन उठाया जा रहा है।
असम में त्रिकोणीय मुकाबला
असम की नगांव लोकसभा सीट पर सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। यहां भाजपा, कांग्रेस और एआईयूडीएफ के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें दिखाई दीं। इनमें महिलाओं की संख्या भी काफी रही।
क्यों खाली हुईं सीटें?
तमिलनाडु: मदुरंतकम से विधायक मगरथम कुमारवेल और धारापुरम से पी. सत्यबामा के इस्तीफे के बाद दोनों सीटें खाली हुईं। दोनों के टीवीके में शामिल होने के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है।
पश्चिम बंगाल: रेजिनगर सीट हुमायूं कबीर के इस्तीफे और नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुई।
पुडुचेरी: मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने अप्रैल 2026 के विधानसभा चुनाव में थट्टांचावडी और मंगलम दोनों सीटों से जीत हासिल की थी। बाद में मंगलम सीट बरकरार रखने के लिए उन्होंने थट्टांचावडी सीट छोड़ दी।
असम: नगांव लोकसभा सीट कांग्रेस नेता प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी।
सभी छह सीटों के नतीजे 9 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

