Friday, November 6, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsकांग्रेस कार्यकर्ताओं और पत्रकार पर हमले का मामला: पुलिस कमिश्नर से मिला...

कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पत्रकार पर हमले का मामला: पुलिस कमिश्नर से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल

भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचकर पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की और कांग्रेस कार्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कथित हमले तथा उसके बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की।

घटना लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर सीधा प्रहार

प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर हमला किए जाने की घटना लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर सीधा प्रहार है। कांग्रेस कार्यालय में घुसकर या कार्यालय को निशाना बनाकर हिंसा करना राजनीतिक असहमति व्यक्त करने का लोकतांत्रिक तरीका नहीं हो सकता। इससे भी अधिक गंभीर बात यह है कि हमले का सामना कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर ही पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने के आरोप सामने आए हैं। कांग्रेस ने पुलिस की इस कथित पक्षपातपूर्ण कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

मुकेश नायक बोले- यह पत्रकारिता की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सवाल है 

मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि कल की घटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आई हैं। इस हिंसा में वरिष्ठ पत्रकार संदीप जी भी घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। यह घटना केवल राजनीतिक कार्यकर्ताओं पर हमला नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक वातावरण और स्वतंत्र पत्रकारिता की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सवाल भी है।

उन्होंने कहा कि यदि राजनीतिक दलों के कार्यालय सुरक्षित नहीं हैं, कार्यकर्ता सुरक्षित नहीं हैं और घटनाओं की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार भी हिंसा का शिकार हो रहे हैं, तो कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठना स्वाभाविक है। पुलिस का दायित्व पीड़ितों की सुरक्षा करना और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना है, न कि पीड़ित पक्ष पर ही बल प्रयोग करना।

उन्होंने कहा कि भाजपा यदि अपनी विचारधारा और नीतियों को लेकर आश्वस्त है, तो उसे राजनीतिक बहस और वैचारिक संवाद के माध्यम से अपनी बात रखनी चाहिए। हिंसा के जरिए विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए घातक है। ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच तनाव और बढ़ सकता है तथा कोई गंभीर अप्रिय घटना भी घट सकती है।

घटना की निष्पक्ष जांच की मांग

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर के समक्ष मांग रखी कि पूरी घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए, हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और घायल पत्रकार के मामले में उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की कि घटना के दौरान पुलिस की भूमिका की जांच हो और यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा पक्षपातपूर्ण अथवा अनुचित कार्रवाई की गई है, तो उसकी जवाबदेही तय की जाए। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी पुलिस की है और राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर निष्पक्ष कार्रवाई करना पुलिस प्रशासन का दायित्व है।

नायक ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर वैचारिक मतभेदों को लोकतांत्रिक तरीके से व्यक्त करें। लोकतंत्र में किसी भी दल को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज को हिंसा के जरिए दबाया नहीं जा सकता और पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से इस मुद्दे को उठाती रहेगी।

प्रतिनिधिमंडल में मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल, वरिष्ठ नेता अरुण श्रीवास्तव, आनंद तारण, पार्षद गुड्डू चौहान, राजकुमार सिंह, पूर्व प्रवक्ता अभिनव बरोलिया, जिला संगठन महामंत्री अभिषेक शर्मा सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन