शाजापुर। शहर में आवारा मवेशियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला हरायपुरा क्षेत्र स्थित विजय श्री हनुमान मंदिर के पास का है, जहां दो आवारा सांडों की आपसी लड़ाई के दौरान एक व्यक्ति गंभीर हादसे का शिकार होते-होते बच गया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है, जिसने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना शुक्रवार की है, जबकि इसका वीडियो शनिवार को सामने आया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि सड़क पर दो आवारा सांड आपस में लड़ रहे थे। आसपास मौजूद लोग सांडों से दूरी बनाकर खड़े थे और स्थिति पर नजर रखे हुए थे। अचानक सांडों की लड़ाई और उग्र हो गई और दोनों तेज गति से भागने लगे। इसी दौरान वहां खड़ा एक व्यक्ति उनकी चपेट में आ गया। भागते हुए एक सांड ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा।
व्यक्ति को आई मामूली चोटें
इस घटना में व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि उसकी जान को कोई बड़ा खतरा नहीं हुआ। फिलहाल घायल व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है।
आवारा मवेशियों से शहरवासी परेशान
शहर में आवारा मवेशियों की बढ़ती संख्या के चलते ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। मंदिर, बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर भी लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आवारा सांडों पर नियंत्रण नहीं होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
नगर पालिका ने शुरू की कार्रवाई
इस मामले में नगर पालिका सीएमओ भूपेन्द्र कुमार दीक्षित ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि वीडियो शुक्रवार का है और शनिवार को सामने आया। उन्होंने कहा कि संबंधित सांडों को शहर से बाहर खदेड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही शनिवार रात से आवारा मवेशियों और सांडों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


