छिंदवाड़ा। भाजपा की आंतरिक कलह खुलकर सामने आ गई है। सांसद विवेक बंटी साहू और जिलाध्यक्ष शेषराव यादव के बीच बढ़ते विवाद को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने दोनों को भोपाल तलब किया। प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री ने दो टूक शब्दों में एकजुट रहने का निर्देश दिया है।
प्रदेश भाजपा में छिंदवाड़ा को लेकर मची अंदरूनी खींचतान अब प्रदेश नेतृत्व तक पहुंच गई है। लोकसभा सांसद विवेक बंटी साहू और जिला अध्यक्ष शेषराव यादव के बीच लंबे समय से चल रहे मतभेदों को सुलझाने के लिए दोनों को भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय बुलाया गया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने दोनों नेताओं के साथ अलग-अलग और संयुक्त बैठक की। सूत्रों के मुताबिक, संगठन नेतृत्व ने साफ कहा कि छिंदवाड़ा में लंबे संघर्ष के बाद पार्टी को सफलता मिली है, लेकिन आपसी टकराव से संगठन की छवि को नुकसान पहुंच रहा है।
बताया जा रहा है कि जिला कार्यकारिणी गठन, पदों के बंटवारे और संगठनात्मक फैसलों को लेकर दोनों नेताओं में तनातनी बढ़ी थी। सांसद साहू जिला बैठकों में शामिल नहीं हो रहे थे, जबकि जिलाध्यक्ष यादव सार्वजनिक रूप से सांसद के खिलाफ बयानबाजी कर रहे थे।
भोपाल में हुई बैठक में दोनों को सख्त लहजे में चेतावनी दी गई कि यदि गुटबाजी जारी रही तो संगठनात्मक कार्रवाई से भी पीछे नहीं हटेंगे। संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने मध्यस्थ की भूमिका निभाते हुए दोनों से मतभेद भुलाकर मिलकर काम करने को कहा।
भाजपा सूत्रों का दावा है कि बैठक सकारात्मक माहौल में समाप्त हुई और दोनों नेताओं ने पार्टी के निर्देशों का पालन करने का भरोसा दिलाया है। आने वाले दिनों में छिंदवाड़ा संगठन में संतुलन बनाने के लिए नए फैसले लिए जा सकते हैं।
छिंदवाड़ा बीजेपी का घमासान उभरकर आया सामने, सांसद और जिलाध्यक्ष भोपाल तलब


