Monday, November 23, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsचीफ जस्टिस कोगजे और जस्टिस बागची ने बताईं AI की संभावनाएं अदालतों...

चीफ जस्टिस कोगजे और जस्टिस बागची ने बताईं AI की संभावनाएं अदालतों में लंबित 5 करोड़ केस निपटाने में AI बनेगा मददगार, जजों का समय बचेगा

जबलपुर: देश की अदालतों में पांच करोड़ से अधिक मामले लंबित हैं। न्याय मिलने में देरी और न्यायिक प्रक्रिया की जटिलता से निपटने के लिए अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को महत्वपूर्ण विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। AI की मदद से केस रजिस्ट्रेशन, दस्तावेजों की जांच, कानूनी शोध और मुआवजे की गणना जैसी प्रक्रियाएं तेज हो सकती हैं। इससे न्यायाधीशों को नियमित कामों से राहत मिलेगी और वे जटिल मामलों की सुनवाई पर अधिक समय दे सकेंगे। हालांकि, न्यायिक फैसलों में मानवीय विवेक और जवाबदेही की भूमिका सबसे अहम बनी रहेगी।

जबलपुर स्थित धर्मशास्त्र नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में आयोजित कॉन्क्लेव में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे और सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने न्यायिक व्यवस्था में AI की संभावनाओं और चुनौतियों पर विचार रखे। दोनों न्यायाधीशों ने माना कि तकनीक न्यायिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुलभ बना सकती है, लेकिन इसे न्यायाधीशों के विवेक का विकल्प नहीं बनाया जा सकता।

केस दाखिल करने से दस्तावेजों की जांच तक बदलेगी प्रक्रिया

चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे ने कहा कि अदालतों में केस दाखिल होने से लेकर रजिस्ट्रेशन, दस्तावेजों की जांच, आपत्तियों के निराकरण, स्कैनिंग और इंडेक्सिंग तक कई चरण होते हैं। इन छह प्रक्रियाओं में AI का इस्तेमाल समय और मानव संसाधन की बचत कर सकता है। खासतौर पर केस रजिस्ट्रेशन, दस्तावेजों की जांच और इंडेक्सिंग में तकनीक प्रभावी साबित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि AI का उद्देश्य न्यायिक व्यवस्था की सहायता करना होना चाहिए, न कि उस पर नियंत्रण स्थापित करना। तकनीक से न्याय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और आम लोगों के लिए सुलभ बनाई जा सकती है।

भाषा और दूरी नहीं बनेगी न्याय में बाधा

चीफ जस्टिस ने न्याय तक पहुंच को लोकतांत्रिक बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की आर्थिक स्थिति, भाषा, शिक्षा, भौगोलिक दूरी या शारीरिक अक्षमता न्याय पाने में बाधा नहीं बननी चाहिए। AI आधारित कानूनी सहायता से लोगों को सही अदालत, जरूरी दस्तावेज और कानूनी प्रक्रिया की जानकारी आसानी से मिल सकती है। पात्र लोगों को विधिक सहायता और पैनल के वकीलों से जोड़ने में भी तकनीक मददगार हो सकती है।

उन्होंने न्यायपालिका में पहले से इस्तेमाल हो रही SUVAS अनुवाद प्रणाली और LEGRA का भी उल्लेख किया। SUVAS के जरिए न्यायिक फैसलों को हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है, जबकि LEGRA कानूनी शोध और दस्तावेजों के विश्लेषण में सहायक हो सकता है।

नियमित मामलों में AI, जटिल मामलों पर जजों का फोकस

सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि देश की अदालतों में पांच करोड़ से अधिक मामले लंबित हैं। मौजूदा संसाधनों और न्यायाधीशों की संख्या के आधार पर इनका जल्द निपटारा बड़ी चुनौती है। ऐसे में नियमित और गणनात्मक प्रक्रिया वाले मामलों को AI आधारित व्यवस्था के जरिए निपटाने पर विचार किया जाना चाहिए। इससे न्यायाधीश अपना अधिक समय जटिल मामलों और महत्वपूर्ण कानूनी सवालों पर लगा सकेंगे।

उन्होंने एल्गोरिदमिक जस्टिस की अवधारणा समझाते हुए मोटर दुर्घटना मुआवजा मामलों में इस्तेमाल होने वाले मल्टीप्लायर सिस्टम का उदाहरण दिया। इस व्यवस्था में पहले से निर्धारित नियमों के आधार पर मुआवजे की गणना की जाती है। ऐसी गणनात्मक प्रक्रियाएं AI को सौंपी जा सकती हैं, जिससे दुर्घटना पीड़ितों को मुआवजा मिलने में होने वाली देरी कम हो सकती है।

यह भी पढ़ें: रिश्वत लेते पकड़ा गया CGST अधीक्षक, घर से 1.86 करोड़ की नकदी और सोना-चांदी बरामद

गलत जानकारी और गोपनीयता भी बड़ी चुनौती

जस्टिस बागची ने कहा कि AI न्यायपालिका का पुनर्जन्म नहीं, बल्कि उसका परिवर्तन होना चाहिए। तेजी से फैसला देने की कोशिश में निष्पक्षता, समानता और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा जैसे मूल सिद्धांतों से समझौता नहीं होना चाहिए। न्याय का अर्थ केवल समय पर फैसला सुनाना नहीं, बल्कि हर पक्ष को निष्पक्ष अवसर देना भी है।

वहीं, चीफ जस्टिस कोगजे ने AI के इस्तेमाल से जुड़े डिजिटल विभाजन, गोपनीयता और गलत जानकारी जैसी चुनौतियों के प्रति आगाह किया। उन्होंने कहा कि न्यायिक तकनीक नागरिक केंद्रित, पारदर्शी, समावेशी और जवाबदेह होनी चाहिए। डिजिटल व्यवस्था के साथ ऑफलाइन सहायता भी जारी रखनी होगी, ताकि तकनीकी जानकारी के अभाव में कोई व्यक्ति न्याय से वंचित न रह जाए।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन