आलीराजपुर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आज़ाद नगर में आयोजित ‘बलराम कृषि महोत्सव’ में शामिल होकर जिले को ₹356.89 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने ₹303.34 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा ₹53.55 करोड़ की लागत से पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता एवं कृषि अभियांत्रिकी विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों तथा विभागीय उपलब्धियों की जानकारी ली।
किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के तहत किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कृषि के साथ-साथ गौपालन को भी विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है, ताकि किसानों की आय के नए स्रोत विकसित हो सकें।
चंद्रशेखर आज़ाद नगर के लिए बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आज़ाद नगर में ‘रानी काजल-माता लोक’ का निर्माण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुलभ, सुविधाजनक और बेहतर बनाया जाएगा, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में आसानी होगी।
समान नागरिक संहिता पर मुख्यमंत्री का बयान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सभी वर्गों के कल्याण और सभी नागरिकों के लिए समान कानून सुनिश्चित करने की दिशा में मध्यप्रदेश ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश विधानसभा में ‘समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक’ पारित किया गया है, जो समानता और न्याय की दिशा में ऐतिहासिक पहल है।
कार्यक्रम से पहले अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद को श्रद्धांजलि
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आलीराजपुर स्थित चंद्रशेखर आज़ाद उद्यान पहुंचकर अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए दिए गए उनके अद्वितीय त्याग, साहस और बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

