उज्जैन/बुरहानपुर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बुरहानपुर में आयोजित ‘बलराम कृषि महोत्सव’ को संबोधित करते हुए प्राकृतिक आपदा से प्रभावित केला उत्पादक किसानों को बड़ी राहत दी। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के जरिए जिले के 8,115 किसानों के बैंक खातों में ₹107 करोड़ 72 लाख से अधिक की राहत राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने ‘किसान कल्याण वर्ष’ के तहत किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आर्थिक मजबूती का संकल्प लिया है। सरकार किसानों की हर समस्या के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मई-जून की मौसमीय मार से प्रभावित हुई थी केले की फसल
मुख्यमंत्री ने बताया कि मई और जून में खराब मौसम के कारण बुरहानपुर जिले में केले की फसल को भारी नुकसान पहुंचा। बुरहानपुर नगर, बुरहानपुर ग्रामीण, नेपानगर और खकनार तहसीलों के 188 गांवों के हजारों किसान इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और समय पर राहत पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यह भी पढ़ें-
US India Tariff: रूसी तेल को लेकर ट्रंप का नया दांव, भारत पर क्या होगा असर?
किसानों की मुस्कान लौटाना हमारी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जब तक प्रभावित किसानों के चेहरों पर दोबारा मुस्कान नहीं लौट आती, तब तक राज्य सरकार चैन से नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, प्राकृतिक आपदाओं से समय पर राहत देना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसान हितैषी योजनाओं और फैसलों के जरिए प्रदेश के कृषि क्षेत्र को नई गति मिलेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी।

बलराम कृषि महोत्सव में जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
बुरहानपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद ज्ञानेश्वर पटेल और पूर्व मंत्री एवं विधायक अर्चना चिटनिस मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान अर्चना चिटनिस ने जानकारी दी कि रक्षाबंधन के अवसर पर बुरहानपुर से केले के रेशे से बनी विशेष राखी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री ने किसानों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार भविष्य में भी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराती रहेगी और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।

