धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में ACB ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कुरुद स्थित SDM कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने एक बाबू को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया।
मामला धमतरी जिले के कुरुद SDM कार्यालय का है, जहां एंटी करप्शन ब्यूरो ने कार्रवाई करते हुए कार्यालय में पदस्थ बाबू पुनेश्वर सूर्यवंशी को रिश्वत लेते पकड़ा है।
फाइल आगे बढ़ाने मांगी थी रिश्वत
जानकारी के मुताबिक, एक जमीन कारोबारी की जमीन के डायवर्सन से जुड़ी फाइल कुरुद SDM कार्यालय में लंबित थी। आरोप है कि फाइल आगे बढ़ाने और डायवर्सन की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए बाबू पुनेश्वर सूर्यवंशी ने कारोबारी से 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 10 हजार रुपये तय हुई। इसके बाद जमीन कारोबारी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से कर दी।
मामले का सत्यापन कर कार्रवाई की योजना बनाई
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया और कार्रवाई की योजना बनाई। इसके तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर आरोपी बाबू के पास भेजा गया। जैसे ही बाबू ने 10 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, मौके पर मौजूद ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद की गई है।
ये भी पढ़ें: हलालपुर पटाखा बाजार: 2 साल पहले दिया अल्टीमेटम, अब तक नहीं हटा बाजार
आरोपी से पूछताछ कर रही एसीबी
कार्रवाई के बाद ACB की टीम एसडीएम कार्यालय में रिश्वत प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई ACB की जांच और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर की जाएगी।

