लखनऊ:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर उन्हें नमन किया। इस मौके पर उन्होंने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और उनके संदेशों को याद किया।
गुरु नानक देव जी ने ‘एक ओंकार’ का संदेश दिया
लखनऊ के डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने ‘एक ओंकार’ का संदेश देकर पूरी मानवता को एकता और समानता का रास्ता दिखाया। उनका उद्देश्य समाज में अज्ञान के स्थान पर ज्ञान और अधर्म के स्थान पर धर्म की स्थापना करना था। सीएम योगी ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को सद्भाव और एकजुटता का संदेश देती हैं।
गुरु नानक देव जी ने समाज को नई दिशा दिखाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने ऐसे समय में समाज को नई दिशा दिखाई, जब जाति और छुआछूत के कारण लोग आपस में बंटे हुए थे और देश विदेशी आक्रांताओं के हमलों का सामना कर रहा था। उन्होंने एक परमात्मा की संतान होने का संदेश देते हुए हर व्यक्ति को समान सम्मान का अधिकारी बताया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुरु नानक देव की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास की श्रीरामचरितमानस का उल्लेख करते हुए श्रद्धा के महत्व पर बात की। साथ ही कहा कि गुरु नानक देव ने कीर्तन और भक्ति के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच और आपसी एकता को मजबूत करने की प्रेरणा दी।
ये भी पढ़ें: इंदौर में गर्मी से पहले जल संकट दूर करने की तैयारी, यशवंत सागर में नर्मदा का पानी भरने की योजना
लंगर में समानता
मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारों में चलने वाली लंगर व्यवस्था को सामाजिक बराबरी और भाईचारे का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि लंगर में किसी की जाति नहीं पूछी जाती, बल्कि सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। यह परंपरा भारतीय आध्यात्मिक संस्कृति की ताकत को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता का अर्थ अन्याय के सामने चुप रहना या पीछे हटना नहीं है. सच्ची आध्यात्मिकता अन्याय का मुकाबला करने और धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देती है।

