Monday, October 19, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsसीएम योगी ने किया कन्या पूजन, पैर धोकर लगाया तिलक; विंध्यवासिनी धाम...

सीएम योगी ने किया कन्या पूजन, पैर धोकर लगाया तिलक; विंध्यवासिनी धाम में उमड़े 20 लाख भक्त

गोरखपुर: शारदीय नवरात्रि की नवमी पर गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में गोरक्षपीठाधीश्वर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कन्या पूजन किया। जिसमें 11 कन्याओं और बटुक के पांव पखारे, चुनरी ओढ़ाकर तिलक लगाया। उनका आशीर्वाद लिया और फिर अपने हाथों से भोजन परोसकर खिलाया। इस मौके पर सीएम योगी ने बच्चियों से बातचीत भी की। इसके पहले योगी ने गोरखनाथ मंदिर के शक्तिपीठ में मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की।

 सीएम योगी बोले- नया कॉरिडोर बनने से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी

कन्या पूजन के बाद सीएम योगी ने कहा कि मां विंध्यवासिनी धाम में नया कॉरिडोर बनने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है। कल 25 लाख से अधिक लोगों ने दर्शन-पूजन किया, जबकि आज भी 20 से 25 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। देवी पाटन, सहारनपुर के मां शाकंभरी पीठ और सीतापुर के ललिता देवी शक्तिपीठ में भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं।

कन्या पूजन करना सौभाग्य की बात

उन्होंने कहा कि गोरखनाथ मंदिर की परंपरा के तहत कन्या पूजन और उन्हें भोजन कराने का अवसर मिलना उनका सौभाग्य है। मां भगवती का नौवां स्वरूप मां सिद्धिदात्री सभी प्रकार की सिद्धियां प्रदान करने वाला है। कन्या पूजन सनातन धर्म में मातृशक्ति के प्रति सर्वोच्च सम्मान की अभिव्यक्ति है।

ये भी पढ़ें: सीएम डॉ मोहन यादव ने सिंहस्थ की तैयारियों की समीक्षा की,काम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए

विजयदशमी पर निकलेगी भव्य शोभा यात्रा

महानवमी के अगले दिन मंगलवार (20 अक्टूबर) को गोरक्षपीठ में विजयादशमी पर्व पर नाथपंथ की विशिष्ट परंपरा के अनुसार दिनभर अनुष्ठान होता है। अनुष्ठान की शुरुआत मंगलवार सुबह 9:35 बजे सीएम योगी, गुरु गोरखनाथ की विशेष पूजा-अर्चना से करेंगे। इसके बाद मंदिर परिसर के देव विग्रहों का पूजन होगा। दोपहर 1 से 3 बजे तक गोरक्षपीठाधीश्वर का तिलकोत्सव आयोजित किया जाएगा।

शाम 4 बजे गोरखनाथ मंदिर से योगी की पारंपरिक विजयादशमी शोभायात्रा निकलेगी। तुरही, नगाड़ों और बैंड-बाजे के बीच वह रथ पर सवार होकर मानसरोवर मंदिर पहुंचेंगे। यहां भगवान शिव और अन्य देव विग्रहों की पूजा-अर्चना और अभिषेक करेंगे।

इसके बाद शोभायात्रा मानसरोवर रामलीला मैदान पहुंचेगी। यहां योगी प्रभु श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण और हनुमानजी का पूजन कर आरती उतारेंगे। इसके साथ ही प्रभु श्रीराम का राजतिलक करेंगे।

शोभायात्रा वापस गोरखनाथ मंदिर पहुंचेगी। शाम 7 बजे से मंदिर में पारंपरिक प्रसाद वितरण और गरीब, ब्राह्मण एवं अतिथि भोज का आयोजन होगा। इसमें जाति-मजहब और अमीरी-गरीबी के भेद से परे सर्वसमाज के लोग शामिल होंगे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

18 to 24 October 2026
11 to 17 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन