मुंबई: महाराष्ट्र और इसके आसपास के इलाकों में आज यानी 15 नवंबर से CNG 1.50 रुपए प्रति किलो महंगी हो गई है। अब मुंबई में CNG का रिटेल रेट 91.50 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया है, जो इस साल का सबसे ऊंचा स्तर है।
MGL ने शनिवार को कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया
महानगर गैस लिमिटेड यानी MGL ने शनिवार को कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया था। 2026 में MGL की तरफ से CNG की कीमतों में यह 8वीं बढ़ोतरी है। इससे ठीक दो हफ्ते पहले 1 नवंबर को भी कंपनी ने दाम 1 रुपए प्रति किलो बढ़ाए थे।
जनवरी 2026 से अब तक यानी 11 महीने से भी कम समय में CNG की कीमतों में कुल 11 रुपए प्रति किलो का इजाफा हो चुका है। प्रतिशत के हिसाब से देखें तो इस साल गैस करीब 14% महंगी हुई है।
MGL ने क्यों बढ़ाए CNG के दाम?
महानगर गैस लिमिटेड ने शनिवार को जारी एक बयान में कीमतें बढ़ाने के पीछे की वजहें साफ की हैं। कंपनी के मुताबिक, गैस खरीदने की लागत बढ़ने की वजह से यह फैसला लेना पड़ा है।
इस साल कब-कब बढ़ी कीमत?
साल 2026 की शुरुआत में मुंबई में CNG 80.50 प्रति किलो के भाव पर मिल रही थी। इसके बाद से अब तक कुल 8 बार दाम बढ़ाए जा चुके हैं। सितंबर की शुरुआत से अब तक ही कीमतों में 5.50 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी हो चुकी है।
ये भी पढ़ें: ‘रामायण’ की बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई, 10 दिन में ₹1,228 करोड़ का कलेक्शन
ऑटो रिक्शा यूनियन ने फिर की किराया बढ़ाने की मांग
CNG के दाम में ताजा बढ़ोतरी के बाद मुंबई के ऑटो-रिक्शा यूनियनों ने एक बार फिर किराया बढ़ाने की मांग तेज कर दी है। द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई रिक्शामेन्स यूनियन के थम्पी कुरियन ने कहा कि बार-बार CNG की कीमतें बढ़ने से हाल ही में बढ़ाए गए किराए का फायदा पूरी तरह खत्म हो गया है।

