नई दिल्ली: चर्चित यूट्यूबर ध्रुव राठी एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। दिल्ली के एक वकील ने उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि ध्रुव राठी ने एक इंटरव्यू के दौरान भारतीय सेना और पुलिस को केंद्र सरकार के खिलाफ विद्रोह के लिए उकसाने वाली बातें कही थीं। शिकायतकर्ता ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई के साथ उनका पासपोर्ट जब्त करने और आर्थिक स्रोतों की जांच कराने की मांग की है।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दी शिकायत
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के वकील विवेक गर्ग ने पुलिस कमिश्नर, उत्तरी जिले के डीसीपी और रूप नगर थाना प्रभारी को शिकायत भेजी है। इसमें ध्रुव राठी के एक इंटरव्यू और सोशल मीडिया पर मौजूद वीडियो का उल्लेख किया गया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इंटरव्यू में दिए गए कुछ बयान सेना और पुलिस के जवानों को सरकार के खिलाफ भड़काने वाले हैं। उन्होंने इन बयानों को गंभीर बताते हुए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है।
पासपोर्ट जब्त करने और लेनदेन की जांच
शिकायत में ध्रुव राठी के पासपोर्ट को जब्त करने की मांग के साथ-साथ उनकी आय के स्रोतों, आर्थिक लेनदेन और कथित संपर्कों की जांच कराने का भी अनुरोध किया गया है. इस पर वकील विवेक गर्ग का कहना है कि सोशल मीडिया पर दिए गए बयानों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए और पुलिस को वीडियो और अन्य सामग्री देखकर जरूरी कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए|
हालांकि, ये साफ करना जरूरी है कि पासपोर्ट जब्त करने और फंडिंग की जांच की मांग सिर्फ शिकायत का हिस्सा है, इससे ये साबित नहीं होता कि ध्रुव राठी की फंडिंग में कोई गड़बड़ी मिली है या उनका पासपोर्ट जब्त हो गया है।
पुराने मानहानि मामले में भी अदालत की कार्रवाई
इस नई शिकायत के अलावा ध्रुव राठी के खिलाफ एक पुराना आपराधिक मानहानि का मामला भी फिर से चर्चा में आ गया है। यह मामला विकास सांक्रित्यायन उर्फ विकास पांडे की ओर से दायर किया गया था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, ध्रुव राठी के ‘बीजेपी आईटी सेल पार्ट-2’ नामक वीडियो को लेकर मानहानि की शिकायत की गई थी, जिस पर ये पूरा मामला टिका है।
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, दिल्ली की साकेत कोर्ट ने 12 अक्टूबर को इस मामले में ध्रुव राठी के खिलाफ नए सिरे से समन जारी करने का आदेश दिया था। अदालत ने गुरुग्राम स्थित उनके आवास पर समन पहुंचाने की प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की अनुमति दे दी है।इसके साथ ही शिकायतकर्ता को प्रोसेस सर्वर के साथ जाने की अनुमति भी दी गई है, ताकि समन सही से पहुंचाया जा सके। मामले की अगली सुनवाई 17 अक्टूबर को बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: पूनम राउत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, 73 वनडे समेत खेले 112 मैच
पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर
ध्रुव राठी सोशल मीडिया पर राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों को लेकर वीडियो बनाते हैं। उनके वीडियो और बयानों को लेकर पहले भी सार्वजनिक बहस होती रही है। दिल्ली पुलिस को दी गई शिकायत के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पुलिस आरोपों की जांच किस तरह आगे बढ़ाती है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।

