बालाघाट। साइबर सुरक्षा जागरूकता एवं गुम-चोरी हुए मोबाइल फोन की रिकवरी के उद्देश्य से चलाए गए SAFE CLICK 2.0 अभियान के समापन अवसर पर बालाघाट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 34 लाख रुपये मूल्य के 225 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। लंबे समय से अपने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।
पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निहित उपाध्याय के मार्गदर्शन में पिछले छह माह से विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर जिलेभर से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर रिकवर किया गया। अभियान के दौरान कुल 225 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 34 लाख रुपये है, बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रिकवर किए गए मोबाइल संबंधित थानों के माध्यम से लगातार उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 8 जुलाई 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम बालाघाट में आयोजित कार्यक्रम में करीब 125 मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे गए, जबकि शेष मोबाइल संबंधित थाना स्तर पर वितरित किए जा रहे हैं।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने बालाघाट पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने खोए हुए मोबाइल मिलने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता और तकनीकी प्रयासों से उनकी कीमती संपत्ति वापस मिल सकी।
इस अवसर पर बालाघाट पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि उनका मोबाइल गुम हो जाए या चोरी हो जाए तो वे तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। इससे मोबाइल को ब्लॉक करने, उसकी लोकेशन ट्रेस करने और शीघ्र रिकवरी की संभावना काफी बढ़ जाती है।
इसके साथ ही SAFE CLICK 2.0 अभियान के तहत पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया। पुलिस ने सलाह दी कि किसी भी अज्ञात लिंक, संदिग्ध मैसेज या APK फ़ाइल पर क्लिक न करें, अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं और निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करें।
बालाघाट पुलिस की इस पहल को जिले में साइबर सुरक्षा और जनविश्वास बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

