भोपाल: दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद आज भोपाल में प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की अहम बैठक होने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में दोपहर 12 बजे से होने वाली इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
बैठक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की तीसरी मंजिल पर आयोजित की गई है। इसमें मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत राजनीतिक मामलों की समिति में शामिल करीब 25 नेताओं को आमंत्रित किया गया है।
पटवारी के कार्यकाल में पहली बार PAC बैठक में शामिल होंगे नकुल नाथ
जीतू पटवारी के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद यह पहली बार है, जब पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे और कांग्रेस नेता नकुल नाथ राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में शामिल होंगे। इसे पार्टी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ये भी पढ़े
MP Weather: मध्यप्रदेश में बारिश का रौद्र रूप, नदी-नाले उफने; भोपाल में 7 इंच पानी
कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कुछ दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि इस बार PAC की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी शामिल होंगे। ऐसे में बैठक में कमलनाथ और नकुलनाथ की मौजूदगी को लेकर भी राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।
दतिया उपचुनाव के बाद पहली बड़ी बैठक
दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के बाद हो रही इस बैठक को पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है। बैठक में उपचुनाव के नतीजों की समीक्षा के साथ प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, संगठन की आगामी रणनीति और पार्टी की गतिविधियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
कांग्रेस के लिए दतिया उपचुनाव की जीत ऐसे समय में आई है, जब पार्टी प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों पर लगातार फोकस कर रही है। ऐसे में PAC की यह बैठक पार्टी की आगे की रणनीति तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण हो सकती है।

