बालाघाट। जिले की मॉयल नगरी भरवेली के हीरापुर क्षेत्र में नाबालिग छात्रा का संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका शव मिला। जिसके बाद मामला अब लगातार तूल पकड़ रहा है। घटना ने न केवल स्थानीय क्षेत्र में सनसनी फैला दी है, बल्कि अब यह मामला राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा का केंद्र बन गया है। परिजनों, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न संगठनों द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, मृत छात्रा हिना खान का शव संदिग्ध अवस्था में फांसी पर लटका मिला था। घटना के बाद से ही कई सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात छात्रा को दो बाइक सवार युवकों के साथ जाते हुए देखा गया था, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसके बाद अगली सुबह छात्रा का शव मिलने से मामला और अधिक रहस्यमय हो गया।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल भी बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने भरवेली थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
घटना को लेकर लोगों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित और सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं मुस्लिम समाज ने भी इस मामले को लेकर बैठक आयोजित कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई है। समाज के लोगों ने कहा कि घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और जब तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक लोगों में असंतोष बना रहेगा।
वहीं मामले ने शनिवार को उस समय नया मोड़ लिया, जब स्थानीय सर्किट हाउस में पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान मृत छात्रा के परिजन भी मौजूद रहे। प्रेस वार्ता में कंकर मुंजारे ने मामले को पूरी तरह संदिग्ध बताते हुए पुलिस जांच पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि घटना को लगभग एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन अब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की जांच में अपेक्षित तेजी दिखाई नहीं दे रही है। कंकर मुंजारे ने कहा कि सामने आए सीसीटीवी फुटेज और अन्य परिस्थितियां कई संदेह उत्पन्न करती हैं, जिनकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
इसके साथ ही पूर्व सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से जांच नहीं करती है, तो जनता का कानून व्यवस्था से विश्वास उठ सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
प्रेस वार्ता के दौरान परिजनों ने भी भावुक होकर न्याय की मांग की। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की मौत सामान्य घटना नहीं है और पूरे मामले की गहराई से जांच होना जरूरी है। परिवार का आरोप है कि कई महत्वपूर्ण पहलुओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।

