डिंडोरी। डिंडोरी जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक और उसकी नाबालिग प्रेमिका ने पहाड़ से कूदकर आत्महत्या कर ली। दोनों ने करीब 150 फीट गहरी खाई में छलांग लगा दी।
घटना विक्रमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के मड़ा पहाड़ की बताई जा रही है। मृतकों में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा और राजेंद्र परस्ते नामक युवक शामिल है। युवक पहले से शादीशुदा था और बिजली फिटिंग का काम करता था।
परिजनों के अनुसार, लड़की रविवार दोपहर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। दो दिन बाद एक चरवाहे ने पहाड़ के नीचे दोनों के शव देखे, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच प्रेम-संबंध था और प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
प्रेमी जोड़े ने 150 फीट गहरी खाई में कूद कर दी जान, दो दिन बाद मिले शव


