गुना: फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में पंचायत सचिव के घर हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 985.15 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.48 करोड़ रुपये बताई गई है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
3 अगस्त की रात हुई थी डकैती
घटना 3 अगस्त की रात फतेहगढ़ क्षेत्र के चिरौली गांव में हुई थी। यहां रहने वाले पंचायत सचिव पवन मीना के घर वारदात के समय उनके माता-पिता और छोटा भाई मौजूद थे। परिवार के मुताबिक, सभी लोग रात में अपने-अपने कमरों में सो गए थे।
पवन मीना के पिता बाबूलाल मीना रात करीब 2:30 बजे उठे थे। उस समय तक सब कुछ सामान्य था। इसके बाद वे दोबारा सो गए। पुलिस के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे से सुबह 4 बजे के बीच अज्ञात बदमाश घर में घुसे और डकैती की वारदात को अंजाम दिया। सुबह करीब 4:30 बजे परिवार की नींद खुली तो कमरे की कुंडी बाहर से बंद मिली। किसी तरह दरवाजा खुलवाने के बाद परिवार ने देखा कि घर के अन्य कमरों से सामान गायब था।
एक किलो सोना और 10 लाख रुपये ले गए थे बदमाश
परिजनों के अनुसार, बदमाश घर से बहुओं के करीब एक किलो सोने के जेवर, छह किलो चांदी, 10 लाख रुपये नकद और एक बाइक लेकर फरार हो गए थे।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसपी हितिका वासल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई पुलिस टीमों का गठन कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
ये भी पढ़े
डिंडोरी में बारिश से खराब होती मिली धान, विधायक ने किया ओपन कैंप का निरीक्षण
जांच में पारदी गिरोह का सामने आया नाम
पुलिस ने घटनास्थल से फिंगर प्रिंट टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही पूछताछ, मुखबिर तंत्र और तकनीकी विश्लेषण के जरिए पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस को वारदात में पारदी समुदाय के बदमाशों के शामिल होने के सुराग मिले। इसके बाद पुलिस टीमों ने गुना, शिवपुरी, विदिशा, उज्जैन, रतलाम, राजगढ़, भोपाल, इंदौर, शाजापुर, देवास और श्योपुर समेत राजस्थान के बारां, कोटा, झालावाड़, छबड़ा और करौली क्षेत्रों में लगातार दबिश दी।
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने शनिवार को धरनावदा थाना क्षेत्र के ग्राम कनेरा निवासी राजू पिता कवरया पारदी (35) और गजानंद पिता देवला पारदी (48) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
आरोपियों की निशानदेही पर 1.48 करोड़ का सोना बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर 985.15 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 47 लाख 77 हजार 250 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
अवैध अतिक्रमण पर भी हुई कार्रवाई
पुलिस की जांच के दौरान आरोपियों के संबंध में जानकारी सामने आने के बाद प्रशासन की टीम ने कनेरा गांव में उनके कथित अवैध अतिक्रमण को चिन्हित किया था। इसके बाद गुरुवार को प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और चिन्हित अतिक्रमण पर बुलडोजर कार्रवाई की गई।

