दतिया: मध्य प्रदेश की चर्चित दतिया विधानसभा उपचुनाव का परिणाम घोषित हो गया है। मतगणना के सभी 15 राउंड पूरे होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने जीत दर्ज कर ली। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को करीब 6 हजार वोटों से हराकर सीट पर कांग्रेस का कब्जा कायम रखा।
सुबह से जारी मतगणना पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी थीं। अंतिम राउंड के बाद स्पष्ट हो गया कि दतिया की जनता ने कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में जनादेश दिया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया जीत का जश्न
दतिया उपचुनाव में जीत के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। राजगढ़ में कांग्रेस कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी और आतिशबाजी की।
इस दौरान पूर्व विधायक बापूसिंह तंवर, हेमराज कल्पोनी और प्रेम सिंह परिहार समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता ढोल की थाप पर जमकर नाचे। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के समर्थन में नारेबाजी कर खुशी का इजहार किया।
भाजपा प्रत्याशी बोले- पूरे चुनाव की होगी समीक्षा
हार के बाद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि चुनाव के दौरान जो परिस्थितियां बनीं, उनकी पार्टी समीक्षा करेगी। उन्होंने कहा, ‘अगर धुआं उठा है तो कुछ न कुछ आग भी होगी।’ तिवारी ने संकेत दिया कि चुनाव के दौरान उनके साथ अंदरघात हुआ है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले पर भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व से चर्चा करेंगे और चुनाव के दौरान सामने आए सभी तथ्यों को उनके सामने रखेंगे।
दतिया सीट पर कांग्रेस ने बरकरार रखा कब्जा
दतिया विधानसभा सीट पहले भी कांग्रेस के पास थी। उपचुनाव में मिली जीत के साथ कांग्रेस ने इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। वहीं, भाजपा को इस महत्वपूर्ण सीट पर हार का सामना करना पड़ा।

