सागर के जंगल में मिला बाघ का शव,शरीर पर नही मिले चोटों के निशान

सागर। जिले के दक्षिण वन परिक्षेत्र की ढाना रेंज अंतर्गत रविवार को हिलगन गांव के पास सनसनी फैल गई। ग्रामीणों को जंगल में एक बाघ का शव पड़ा मिला। मृत बाघ को देखकर ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी,जिसके बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

दरअसल सागर जिले के ढाना रेंज के हिलगन ग्राम के पास जंगल में गाँव के रहने वाले जसवंत लोधी ने वन विभाग को सूचना दी थी कि, जंगल में एक बाघ मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही विटनरी डॉक्टरों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जिसके बाद वन विभाग की टीम ने बाघ के शव के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया और पंचनामा कार्रवाई की।

वन विभाग के अनुसार, प्राथमिक जांच में मृत बाघ के शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं। ऐसे में बाघ की मौत को लेकर रहस्य बना हुआ है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

दक्षिण वन मंडल DFO वरुण यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि- मृत बाघ की उम्र करीब 8-10 वर्ष है और वह नर है। बाघ का शव हिलगन गांव के पास जंगल क्षेत्र में मिला है। साथ ही कहा कि- बाघ के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वन विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि बाघ किस क्षेत्र से यहां पहुंचा और लंबे समय से इस इलाके में था या नहीं। आसपास के जंगल क्षेत्रों से उसके मूवमेंट को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। बिना किसी स्पष्ट चोट के बाघ की मौत ने वन विभाग और वन्यजीव विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है। वहीं क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।