Friday, November 13, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsदिल्ली में मॉडल मुस्कान हत्याकांड: आरोपी इमरान का पुलिस से एनकाउंटर, पैर...

दिल्ली में मॉडल मुस्कान हत्याकांड: आरोपी इमरान का पुलिस से एनकाउंटर, पैर में लगी 3 गोलियां

नई दिल्ली। दिल्ली में 21 वर्षीय मॉडल और दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा मुस्कान की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी जिम ट्रेनर आकिब उर्फ इमरान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान राजौरी गार्डन इलाके में आरोपी और पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस का दावा है कि इमरान ने टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई। कार्रवाई में आरोपी के पैर में तीन गोलियां लगीं। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, इमरान पर बुधवार शाम मुस्कान के घर में घुसकर चाकू से कई वार करने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल मुस्कान को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

पुलिस का दावा- आरोपी ने 4 गोलियां चलाईं

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने के लिए पश्चिमी जिले के स्पेशल स्टाफ की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस का दावा है कि गुरुवार को राजौरी गार्डन में आरोपी की लोकेशन मिलने के बाद टीम ने उसे घेर लिया।

पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने के लिए कहे जाने पर इमरान ने पिस्तौल से चार गोलियां चलाईं। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में सात राउंड फायर किए। इस दौरान तीन गोलियां आरोपी के पैर में लगीं और उसे मौके से हिरासत में ले लिया गया।

हत्या के बाद मोबाइल लेकर फरार हुआ था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद इमरान मुस्कान का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया था। जांच के दौरान पुलिस ने फोन बरामद कर लिया। उसकी आखिरी लोकेशन दिल्ली के नांगल इलाके में मिली थी।

आरोपी की तलाश के लिए पूरे जिले में बैरिकेडिंग और चेकपॉइंट लगाए गए थे। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।

CCTV फुटेज से मिली आरोपी की जानकारी

जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में इमरान बुधवार शाम करीब 5:40 बजे मुस्कान की बिल्डिंग में दाखिल होता दिखाई दिया था।

घर में काम करने वाली महिला ने मुस्कान को दूसरी मंजिल पर घायल हालत में देखा और उसके परिवार को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

शाम करीब 7:24 बजे तिलक नगर थाने में चाकू से हमला किए जाने की PCR कॉल मिली। मुस्कान के भाई के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया था। उसके भाई ने भी इमरान पर शक जताया था।

डेढ़ साल से मुस्कान को जानता था इमरान

पुलिस के मुताबिक, इमरान और मुस्कान एक-दूसरे को करीब डेढ़ साल से जानते थे। मुस्कान दिल्ली यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग में सेकेंड ईयर की छात्रा थी और पश्चिमी दिल्ली में परिवार के साथ रहती थी।

जांच में सामने आया है कि पिछले करीब दो महीने से इमरान मुस्कान से नाराज था। पुलिस को आशंका है कि किसी दूसरे युवक से मुस्कान की बातचीत को लेकर आरोपी नाराज था।

पुलिस के अनुसार, हत्या से कुछ दिन पहले 20 अगस्त को दोनों एक होटल में भी मिले थे। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या से पहले दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था और वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

15 पुलिस टीमों ने शुरू की थी तलाश

हत्या की वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए करीब 15 टीमें गठित की थीं। CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही थी।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच के बाद ही हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन