Friday, November 6, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsधार में दर्दनाक हादसा: टायर फटने से कार में लगी आग, 4...

धार में दर्दनाक हादसा: टायर फटने से कार में लगी आग, 4 युवकों की जिंदा जलकर मौत

धार: महू-नीमच रोड पर रविवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार का टायर फटने से कार में भीषण आग लग गई, जिसमें चार युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सादलपुर थाना क्षेत्र में रात करीब 11:30 बजे हुआ।

टायर फटा, डिवाइडर से टकराकर पुलिया से नीचे गिरी कार

जानकारी के मुताबिक कार सादलपुर में ढाबे के पास से गुजर रही थी, तभी अचानक ड्राइवर साइड का टायर फट गया। कार अनियंत्रित होकर पुलिया पर बने डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का इंजन बाहर आ गया और कार पुलिया से नीचे जा गिरी।

मृतक के भाई के मुताबिक हादसे के बाद कार में लगे सीएनजी सिस्टम में विस्फोट हो गया, जिससे आग ने भीषण रूप ले लिया। पुलिया से नीचे गिरते समय एक युवक कार से बाहर गिर गया और उसकी जान बच गई, लेकिन अंदर बैठे चार युवक बाहर नहीं निकल पाए।

सांवरिया जी के दर्शन कर लौट रहे थे

बताया जा रहा है कि सभी युवक सांवरिया सेठ के दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद घर लौटते समय यह हादसा हो गया। सभी मृतक धार जिले के सागौर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

यह भी पढ़ें: अपने देश का पैसा देश में ही रहे, इसलिए स्वदेशी अपनाना जरूरी: स्वदेशी मेले में बोले अतिथि

चार शव जिला अस्पताल लाए गए, एक इंदौर रेफर

धार जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. मुकुंद बर्मन ने बताया कि सादलपुर थाना क्षेत्र के हादसे में चार मृतकों के शव जिला अस्पताल लाए गए हैं। एक घायल को भी लाया गया था जो करीब 40 प्रतिशत झुलसा हुआ था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।

मृतकों की पहचान अंकुश उर्फ भीम (20), चेतन चौधरी (20), अनमोल तिवारी (19) और अभिषेक सोलंकी के रूप में हुई है। घायल युवक का नाम तुषार बताया जा रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एडिशनल एसपी पारुल बेलापुरकर ने बताया कि थाना सादलपुर अंतर्गत महू-नीमच फोरलेन पर स्विफ्ट कार में पांच लोग सवार थे। टायर फटने से कार में आग लगी और वह पुलिया के नीचे आ गई। पांच में से एक ही व्यक्ति बाहर निकल पाया, बाकी चार की जलने से मौत हो गई।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन