Thursday, November 12, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsडिंडौरी में रसगुल्ला बताकर खिलाया सूअर मार बम, मुंह में धमाका; युवक...

डिंडौरी में रसगुल्ला बताकर खिलाया सूअर मार बम, मुंह में धमाका; युवक की मौत

डिंडौरी। मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में एक युवक को रसगुल्ला बताकर सूअर मार बम खिलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक ने जैसे ही उसे मिठाई समझकर चबाया, बम उसके मुंह में ही फट गया। विस्फोट इतना भीषण था कि उसका जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या और विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे के मुताबिक, ग्राम पड़रिया छांटा निवासी राजेन्द्र बरौतिया (35), पिता स्व. फुल्लू लाल बरौतिया, मंगलवार शाम करीब सात बजे परिजनों के साथ भोजन करने के बाद घर के आंगन में आग ताप रहा था। रात करीब आठ बजे गांव का ही रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा और उसके पास बैठ गया। दोनों के बीच बातचीत चल रही थी।

इसी दौरान रामभगत ने कथित तौर पर सूअर मारने वाले बम को रसगुल्ला बताकर राजेन्द्र को खाने के लिए दे दिया। राजेन्द्र ने उसे मिठाई समझकर मुंह में डाल लिया। जैसे ही उसने दांतों से दबाकर चबाया, बम में विस्फोट हो गया। धमाके से उसके मुंह और जबड़े में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद परिजन उसे ऑटो से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण राजेन्द्र ने रात में ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने बुधवार को पंचनामा कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपी रामभगत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धाराओं 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। मामूली बातचीत के दौरान इस तरह बम खिलाकर युवक की जान लेने की घटना से ग्रामीण स्तब्ध हैं। मामले को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन