भोपाल: मॉब लिंचिंग, हेट स्पीच और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ राजधानी भोपाल में विभिन्न समाज एक मंच पर आए। शोषित समाज एवं अल्पसंख्यक संयुक्त फोरम (United Forum for Deprived & Minorities) द्वारा आयोजित शांतिपूर्ण धरने की सदारत मुफ्ती गाज़ी वली अहमद ने की। धरने में सभी धर्मों और समाजों के प्रतिनिधियों ने न्याय, समानता और भाईचारे की आवाज बुलंद की।
मुस्लिम समाज ने कहा- नफरत के खिलाफ एकजुट होना जरूरी
मुस्लिम समाज से नायब शहर काज़ी अली क़दर हुसैन, मुफ्ती गाज़ी वली अहमद, मोहम्मद अफ़ाक और अहमद शाहमीरी ख़ुर्रम ने कहा कि नफरत और हिंसा के खिलाफ समाज को एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए और दोषियों पर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
बहुजन और ईसाई समाज ने रखी बात
बहुजन समाज के प्रतिनिधि डॉ. पुष्पेंद्र ने कहा कि सामाजिक भेदभाव और अन्याय के खिलाफ संविधान में दिए गए समानता और न्याय के अधिकारों की रक्षा करना जरूरी है। ईसाई समाज के फादर अनिल मार्टिन ने कहा कि प्रेम, शांति और भाईचारे को मजबूत करना समय की जरूरत है, किसी के साथ धर्म या पहचान के आधार पर अन्याय नहीं होना चाहिए।
बौद्ध समाज और संत समाज का संदेश
बौद्ध समाज के प्रतिनिधि अनिल सोनमने ने समानता, मानवता और आपसी सम्मान पर जोर दिया। सतगुरु रविदास अमृतवाणी से राधाकिसन दास महाराज ने कहा कि समाज में हर व्यक्ति को सम्मान और न्याय मिलना चाहिए। समाजसेवी शोएब हाशिम ने भी सभी समाजों से एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।
यह भी पढ़ें: लोगों की बातों से टूट जाती थीं माधुरी दीक्षित, KBC में बताया मां की एक सीख ने कैसे बदली किस्मत
जोनवार टीमें गठित होंगी, 500 लोगों के साथ प्रदर्शन की चेतावनी
फोरम के सदस्य ओसाफ अली बब्लू ने कहा कि संयुक्त फोरम हर मजलूम और पीड़ित के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। भोपाल में जोनवार टीमें गठित की जाएंगी। जरूरत पड़ने पर 500 लोगों की भागीदारी के साथ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर संबंधित थानों और प्रशासन के समक्ष न्याय की मांग रखी जाएगी। उन्होंने मांग की कि मॉब लिंचिंग, हेट स्पीच और अत्याचार के मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

