नागपुर: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए फायरिंग मामले में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा है कि इस मामले में किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। सीएम फडणवीस ने कहा अपराधियों के आका कहीं भी बैठे हों, कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी और मामले के नतीजे सामने लाए जाएंगे। अब देखना होगा कि जांच में आगे क्या खुलासे होते हैं।
घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जाएगी
मुंबई पुलिस पर भरोसा जताते हुए सीएम फडणवीस ने कहा,हमने पहले भी साबित किया है कि ऐसे अपराधी दुनिया में कहीं भी छिप जाएं, मुंबई पुलिस उन्हें ढूंढ निकालती है और बाहर ले आती है। इस घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जाएगी। जो भी जरूरी कदम उठाने होंगे, वे उठाए जाएंगे। इतना ही नहीं, सीएम फडणवीस ने कहा,मेरा मानना है कि मुंबई पुलिस एक बेहद पेशेवर फोर्स है, और इस तरह की घटना के बाद वे सभी जरूरी कदम उठाएंगे।
यह एक बहुत ही गंभीर और निंदनीय मामला
टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, यह एक बहुत ही गंभीर और निंदनीय मामला है। मुंबई पुलिस ने इसे बेहद गंभीरता से लिया है। उन्हें कुछ सुराग मिले हैं और उन्हीं के आधार पर मुंबई पुलिस सक्रिय रूप से काम कर रही है। लोगों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह गैंग महाराष्ट्र से ऑपरेट नहीं हो रही है बाहर से यह गैंग ऑपरेट हो रही है, हम उन्हें ढूंढ कर निकालेंगे और हम उन पर कार्रवाई करेंगे। यह डरपोक लोग है यह छुपकर वार करने की कोशिश करते हैं लेकिन इनका वार नाकाम किया जाएगा ।
ये भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद पहली तस्वीर आई सामने, हाथ में प्लास्टर और शरीर पर चोट के निशान
विपक्षी पार्टियां सरकार को टारगेट कर रही
वहीं सीएम फडणवीस ने कहा, विपक्षी पार्टियां सरकार को टारगेट करने का काम कर रही है, वह अपने गिरेबान में झांक कर देखें कि यह वही लोग हैं जिनके कार्यकाल में सरकार अपने पुलिस से मर्डर करवाती थी, मनसुख हीरेन का मर्डर यह लोग भूल गए, इन्होंने ट्रांसफर पोस्टिंग में पैसा खाया उनके मंत्रियों को जेल में जाना पड़ा, किस प्रकार से देश के सबसे बड़े उद्योगपति भी इनके काल में सुरक्षित नहीं थे, उनके घर के नीचे उनकी पुलिस बम रखती थी, इसलिए मुझे लगता है विपक्षी कुछ भी कहे, मुंबई पुलिस पर लोगों का और बॉलीवुड दोनों का विश्वास है ।

