ढाका से पहली बार हिंदू सांसद: गयेश्वर चंद्र रॉय की ऐतिहासिक एंट्री

ढाका। बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव में एक अहम बदलाव दर्ज हुआ है। 1971 की आजादी के बाद पहली बार ढाका से एक हिंदू नेता संसद पहुंचा है। गयेश्वर चंद्र रॉय ने ढाका-3 सीट से जीत हासिल की। वे बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के उम्मीदवार थे और उन्होंने जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार शाहिनुर इस्लाम को हराया। यह जीत सिर्फ एक सीट की जीत नहीं, बल्कि प्रतीकात्मक प्रतिनिधित्व और राजनीतिक संतुलन का संकेत मानी जा रही है।

वोटिंग नतीजे

सूत्रों अनुसार ढाका-3 सीट पर गयेश्वर चंद्र रॉय को 98,785 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी शाहिनुर इस्लाम को 82,232 वोट हासिल हुए। करीब 16 हजार से ज्यादा वोटों का अंतर इस मुकाबले को निर्णायक बनाता है। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, इस सीट पर मतदान शांतिपूर्ण रहा और अल्पसंख्यक मतदाताओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।

 क्यों खास है यह जीत?

बता दें ढाका सीट पर आजादी के बाद से अब तक कोई हिंदू सांसद नहीं चुना गया था। ऐसे में यह नतीजा देश की बदलती राजनीतिक सोच और समावेशी अप्रोच की दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह परिणाम BNP की “इंक्लूसिव पॉलिटिक्स” और विविध समुदायों को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति को मजबूत करता है।

यह चुनाव 2024 के छात्र आंदोलन के बाद पहला बड़ा राष्ट्रीय चुनाव था, जिसमें अवामी लीग हिस्सा नहीं ले सकी। BNP 200 से ज्यादा सीटों की ओर बढ़ती दिख रही है, और पार्टी नेतृत्व में तारिक रहमान की भूमिका अहम बताई जा रही है। गयेश्वर चंद्र रॉय की जीत को बांग्लादेश की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। जहां प्रतिनिधित्व, पहचान और समावेशन की चर्चा मुख्यधारा में आती दिख रही है।

कौन है गयेश्वर चंद्र रॉय?

गयेश्वर चंद्र रॉय  का जन्म 1 नवंबर 1951, केरानीगंज (ढाका जिला) में हुआ था। जो लंबे समय से BNP से जुड़े वरिष्ठ नेता माने जाते है। गयेश्वर 1987 से 2002 तक जुबो दल के महासचिव  रहें। इसी के साथ ही 1991 में BNP सरकार में राज्य मंत्री भी रहें। उन्होंने पर्यावरण, वन, मत्स्य और पशुपालन मंत्रालय में भी जिम्मेदारी निभाई है। वे अल्पसंख्यक अधिकारों और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर सक्रिय आवाज रहे हैं। पार्टी के भीतर उनकी पकड़ और जमीनी नेटवर्किंग इस जीत में अहम फैक्टर मानी जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *