तेहरान: ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का एक वीडियो सामने आया है। ईरानी अर्ध-सरकारी न्यूज एजेंसी मेहर ने यह वीडियो जारी किया है। इसे मोजतबा खामेनेई के सुप्रीम लीडर बनने के बाद सामने आया उनका पहला वीडियो बताया जा रहा है।
यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है, जब इजरायली मीडिया में मोजतबा खामेनेई की तबीयत गंभीर होने और उन्हें अस्पताल ले जाए जाने की खबरें चल रही हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
धार्मिक शिक्षा देते नजर आए मोजतबा
वीडियो में मोजतबा खामेनेई लोगों के एक समूह को धार्मिक शिक्षा देते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में उनके शरीर पर किसी तरह की चोट का स्पष्ट निशान नजर नहीं आ रहा है। हालांकि, मेहर न्यूज ने यह जानकारी नहीं दी है कि वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था।
ये भी पढ़े
अमेरिका का नया इमिग्रेशन प्लान: H-1B नौकरी गई तो जल्द छोड़ना पड़ सकता है देश
वीडियो सामने आने के बाद इसे मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर चल रही अटकलों के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, ईरान के अन्य प्रमुख चैनलों पर इस वीडियो को बड़े पैमाने पर प्रसारित नहीं किया गया है।
वीडियो की टाइमिंग पर उठे सवाल
मोजतबा खामेनेई ने मार्च में अपने पिता अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर का पद संभाला था। इससे पहले इजरायल-अमेरिका के साथ संघर्ष के शुरुआती दौर में उनके घायल होने की खबरें सामने आई थीं।
रिपोर्टों में दावा किया गया था कि हमले के पहले दिन मोजतबा के पैर में फ्रैक्चर हुआ था और उनके चेहरे पर भी चोट आई थी। हालांकि, सामने आए नए वीडियो में चोट के कोई स्पष्ट निशान दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसी वजह से वीडियो की टाइमिंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यह स्पष्ट नहीं है कि फुटेज हाल का है या इसे युद्ध शुरू होने से पहले रिकॉर्ड किया गया था।
मेहर न्यूज ने जारी किया वीडियो
फिलहाल मोजतबा खामेनेई की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। नए वीडियो के बावजूद उनकी मौजूदा सेहत और वीडियो रिकॉर्ड किए जाने की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

