भोपाल:मध्यप्रदेश की कन्यादान विवाह सहायता योजना में 30.18 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कार्रवाई की है। ईडी की भोपाल टीम ने सिरोंज के निलंबित और पूर्व जनपद पंचायत सीईओ शोभित त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। उन्हें 2 सितंबर को गिरफ्तार करने के बाद 3 सितंबर को विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने त्रिपाठी को 9 सितंबर तक ईडी की रिमांड पर भेज दिया है। शोभित त्रिपाठी को शिवराज सरकार में मंत्री रहे सागर निवासी एक पूर्व मंत्री का रिश्तेदार बताया जाता है।
2019 से 2021 के बीच फर्जीवाड़े का आरोप
ईडी के अनुसार, 2019 से नवंबर 2021 के बीच सिरोंज जनपद पंचायत के सीईओ पद पर रहते हुए शोभित त्रिपाठी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर विवाह सहायता योजना में कथित अनियमितताएं कीं। जांच एजेंसी का आरोप है कि इस दौरान योजना की करीब 30.18 करोड़ रुपये की राशि में हेराफेरी की गई।योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की पात्र बेटियों के विवाह के लिए 51 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है। ईडी की जांच में कथित तौर पर फर्जी आवेदन और हितग्राहियों के दस्तावेज सामने आए हैं।
फर्जी दस्तावेजों से खाते खोलकर निकाली गई राशि
जांच एजेंसी के मुताबिक कथित फर्जीवाड़े में बैंकों में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खाते खोले गए। इसके बाद योजना की राशि इन खातों में ट्रांसफर की गई और कई मामलों में रकम नकद निकाल ली गई। ईडी का आरोप है कि कुछ अपात्र लोगों को भी योजना का लाभ पहुंचाया गया।
कोविड काल में भी भुगतान पर उठे सवाल
ईडी के अनुसार, कोविड-19 महामारी के दौरान जब विवाह समारोहों पर प्रतिबंध लागू थे, उस अवधि में भी योजना के तहत कुछ संदिग्ध भुगतान किए गए। एजेंसी अब इन लेनदेन और कथित फर्जी लाभार्थियों से जुड़े आर्थिक पहलुओं की जांच कर रही है।
2022 में सामने आया था मामला
यह कथित घोटाला वर्ष 2022 में सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने शोभित त्रिपाठी के अलावा मामले से जुड़े दो बाबुओं को भी गिरफ्तार किया था। त्रिपाठी के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने धोखाधड़ी, गबन और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था।

