Saturday, November 14, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsबैगा बच्चों की मौत पर पूर्व सांसद मुंजारे का CM मोहन पर...

बैगा बच्चों की मौत पर पूर्व सांसद मुंजारे का CM मोहन पर हमला: बोले- मरीजों से नहीं मिले, एक ही महिला से बातचीत करते रहे; ‘यह दिखावा और नौटंकी बंद करें’

बालाघाट: बैगा आदिवासी बच्चों की मौत को लेकर पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री के बालाघाट दौरे के दौरान कुंडेकसा में बनाए गए अस्थायी अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात नहीं करने पर सवाल उठाए। मुंजारे ने आरोप लगाया कि 28 बैगा आदिवासी बच्चों की मौत के बावजूद मुख्यमंत्री बीमारी और संक्रमण के मुद्दे पर गंभीर चर्चा करने के बजाय एक ही महिला से बातचीत करते नजर आए, जिससे स्वास्थ्य मंत्री पहले ही बात कर चुके थे।

‘मरीजों से नहीं मिले, क्या संक्रमण का डर था?’

पूर्व सांसद ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में कहा कि कुंडेकसा में अस्थायी अस्पताल बना है, जहां बीमारी से प्रभावित मरीज भर्ती हैं। इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने न तो मरीजों से मुलाकात की और न ही उनके परिजनों से बातचीत कर बीमारी और इलाज की जानकारी ली।

मुंजारे ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री की संवेदनशीलता पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या उन्हें संक्रमण लगने का डर था, जो वे मरीजों और उनके परिवारों से मिलने तक नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि यही रवैया उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल का भी रहा।

‘28 मासूम बैगा बच्चों की मौत, फिर भी बीमारी पर बात नहीं’

मुंजारे ने कहा कि दूषित पानी और अन्य संक्रमण की वजह से बैगा समुदाय के मासूम बच्चों की मौत हुई है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के बालाघाट पहुंचने के दिन मृत बच्चों का आंकड़ा 28 तक पहुंच चुका था।

उन्होंने कहा कि पहले 27 बच्चों की मौत हो चुकी थी और इसके बाद मोहनपुर बैगाटोला की 10 वर्षीय बच्ची काजल सैयाम की गोंदिया में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही मृत बच्चों की संख्या 28 हो गई।

‘एक ही महिला से बात करते रहे मुख्यमंत्री’

पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री के दौरे पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इतने गंभीर हालात के बावजूद मुख्यमंत्री ने प्रभावित मरीजों और उनके परिजनों से संवाद नहीं किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक ही महिला से बातचीत करते रहे, जबकि स्वास्थ्य मंत्री भी उससे पहले उसी महिला से बातचीत कर चुके थे।

मुंजारे ने इसे ‘दिखावा’ और ‘नौटंकी’ करार देते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता सरकार के रवैये को अच्छी तरह समझ और पहचान चुकी है।

‘कार्रवाई नहीं करना सरकार की गंभीरता पर सवाल’

मुंजारे ने कहा कि बैगा आदिवासी समुदाय के 28 मासूम बच्चों की मौत बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला है। इसके बावजूद सरकार की ओर से जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों और जिम्मेदार लोगों को बचाने का काम करती रही है। मुंजारे ने कहा कि बालाघाट आकर भी यदि मुख्यमंत्री बीमारी, संक्रमण और बच्चों की मौत के वास्तविक कारणों पर ठोस बात नहीं करते हैं, तो इससे आदिवासियों के प्रति सरकार की गंभीरता साफ दिखाई देती है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन