जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया ट्रेंड्स के खतरनाक पहलू को उजागर कर दिया है। बरगी थाना क्षेत्र की नहर में रील बनाते समय चार लड़कियां फिसलकर पानी में बह गईं। इस घटना में दो लड़कियों की मौत हो गई, एक अब भी लापता है, जबकि एक ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली।
फिसलन बनी वजह
यह घटना बरगी बांध से निकली नहर के पास गोपालपुर क्षेत्र की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चारों लड़कियां नहर किनारे मोबाइल से रील शूट कर रही थीं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वे एक-एक कर फिसलकर तेज बहाव वाली नहर में गिर गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत शोर मचाया और बचाव की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि तीन लड़कियां बह गईं, जबकि एक लड़की ने साहस दिखाते हुए तैरकर बाहर निकलने में सफलता पाई।
2 शव बरामद, 1 की तलाश जारी
बता दें घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 1 किलोमीटर दूर दो लड़कियों के शव बरामद किए गए हैं। तीसरी लड़की की तलाश अब भी जारी है, जिसके लिए गोताखोरों और रेस्क्यू टीमों को लगाया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
वहीं इस घटना के बाद प्रशासन ने नहर किनारे सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा शुरू कर दी है। स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या इस तरह के संवेदनशील और खतरनाक क्षेत्रों में पर्याप्त चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा बैरियर मौजूद थे या नहीं।
यह हादसा एक बार फिर दिखाता है कि सोशल मीडिया के लिए रील और सेल्फी बनाते समय लोग अपनी सुरक्षा को नजरअंदाज कर रहे हैं।
घटना के बाद पीड़ित परिवारों में शोक की लहर है। प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है। वहीं, लापता लड़की की तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।


