सीहोर: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले स्थित प्रसिद्ध कुबरेश्वर धाम में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मंदिर परिसर में भीख मांगकर जीवनयापन करने वाले गरीब, वृद्ध और दिव्यांग लोगों को एक अज्ञात व्यक्ति ने 200 रुपये के कथित नकली नोट देकर उनकी हजारों रुपये की चिल्लर और छोटे नोट ले लिए। ठगी का खुलासा तब हुआ, जब पीड़ितों ने उन नोटों से सामान खरीदने की कोशिश की।
चिल्लर लेने के बहाने की ठगी
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम कुछ लोग मंदिर परिसर पहुंचे। इनमें से एक व्यक्ति ने खुद को श्रद्धालु बताते हुए कहा कि उसकी पत्नी मंदिर में चढ़ावे के लिए चिल्लर चढ़ाना चाहती है। उसने 200-200 रुपये के नोट देकर बदले में भिखारियों से सिक्के और छोटे नोट ले लिए। चिल्लर लेने के बाद आरोपी वहां से चला गया।
सामान खरीदने पहुंचे तो सामने आई सच्चाई
कुछ समय बाद जब पीड़ितों ने उन नोटों से नाश्ता और अन्य सामान खरीदने का प्रयास किया, तो दुकानदारों ने नोटों को नकली बताते हुए लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है।
8 से 10 हजार रुपये की चिल्लर ठगे जाने का दावा
स्थानीय लोगों के अनुसार, तीन से चार भिखारियों से करीब 8 से 10 हजार रुपये की चिल्लर और छोटे नोट लिए गए। हालांकि, इस नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पीड़ितों ने अब तक पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
यह भी पढ़ें-
CM मोहन यादव का छात्राओं से संवाद: बोले- आज का विद्यार्थी ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत
पुलिस ने शिकायत मिलने पर कार्रवाई की बात कही
मंडी थाना प्रभारी सुनील मेहर ने बताया कि अब तक इस मामले में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मंदिर परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की बात भी कही गई है।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं, इसलिए ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाना चाहिए।

