ग्वालियर: जिले में नाबालिग बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली वारदात सामने आई है। बहोड़ापुर इलाके में आठवीं कक्षा की 13 वर्षीय छात्रा को कोचिंग से घर लौटते समय दो युवकों ने कथित तौर पर अगवा कर लिया। आरोप है कि दोनों उसे स्कूटी पर बैठाकर दरगाह के पास एक खाली तलघर में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने छात्रा के साथ मारपीट की और किसी को घटना बताने पर बदनाम करने की धमकी दी।
पुलिस के मुताबिक, घटना 14 नवंबर की दोपहर करीब 1:45 बजे की है। छात्रा कोचिंग से घर लौट रही थी। इसी दौरान इमरान और आर्यन नाम के दो युवक उसे जबरन स्कूटी पर बैठाकर अपने साथ ले गए। दोनों उसे बहोड़ापुर इलाके में दरगाह के पास स्थित एक खाली तलघर में ले पहुंचे। आरोप है कि वहां दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। छात्रा ने विरोध किया और शोर मचाया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की।
मां को देखकर सड़क पर छोड़कर भागे
आरोपियों ने छात्रा को धमकाया कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो वे उसे बदनाम कर देंगे। इसी बीच दोनों को छात्रा की मां के वहां पहुंचने की भनक लग गई। इसके बाद वे छात्रा को सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।
देर शाम मां बेटी की तलाश में निकलीं तो वह रास्ते में मिल गई। बेटी को रोता देखकर मां ने उससे वजह पूछी। इस पर छात्रा ने अपने साथ हुई पूरी घटना बताई। परिजन तत्काल उसे लेकर बहोड़ापुर थाने पहुंचे और पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
ये भी पढ़ें: दीपावली स्नेह मिलन में आध्यात्मिकता और उल्लास का अनूठा संगम, शबनम दीदी जी ने साझा किए जीवन के प्रेरक अनुभव
पॉक्सो एक्ट में केस, दोनों आरोपी फरार
पुलिस ने छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया। शनिवार रात इमरान और आर्यन के खिलाफ अपहरण, मारपीट, सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार के मुताबिक, दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

