फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में स्कूली छात्रों का एक अनोखा विरोध प्रदर्शन चर्चा का विषय बन गया है। यहां Gen Alpha पीढ़ी के छात्रों ने स्कूल की मूलभूत सुविधाओं को लेकर आवाज उठाई और परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। छात्रों ने साफ पानी, बिजली, पंखे, साफ-सफाई और बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं की मांग को लेकर नारे लगाए। प्रदर्शन के बाद स्कूल को एक दिन के लिए बंद कर दिया गया। प्रशासन ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश जारी किए हैं।
स्कूल की व्यवस्थाओं से नाराज छात्र
यह मामला सर्वोदय इंटर कॉलेज, फतेहपुर का है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में छात्र स्कूल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। छात्रों के हाथों में बैनर दिखाई दिए, जिन पर लिखा था- “कॉलेज की व्यवस्था सुधारो, बच्चों का भविष्य संवारो।”
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि स्कूल में कई जरूरी सुविधाओं की कमी है। उनका कहना है कि टॉयलेट की सफाई व्यवस्था खराब है, पीने के पानी की समस्या है और कई कक्षाओं में पंखे खराब पड़े हैं।
यह भी पढ़ें-
संसद में बड़ा दिन: पेपर लीक संशोधन बिल लोकसभा से पारित, राज्यसभा में ‘वंदे मातरम्’ विधेयक पास
छात्रों ने गिनाईं कई समस्याएं
छात्रों ने आरोप लगाया कि स्कूल में बिजली की समस्या बनी रहती है। खराब पंखों और वायरिंग के कारण सुरक्षा को लेकर भी चिंता है। इसके अलावा छात्रों ने कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी और खेल सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। कुछ छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उन्हें डराया जाता है और कार्रवाई की धमकी दी जाती है। हालांकि इन आरोपों की प्रशासनिक स्तर पर जांच की जा रही है।
सुबह शुरू हुआ प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार, छात्रों ने सुबह स्कूल गेट खुलने के बाद प्रदर्शन शुरू किया। इसमें कक्षा 6वीं से 12वीं तक के छात्र शामिल हुए। स्कूल प्रबंधन और पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों को लेकर डटे रहे। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) राकेश कुमार स्कूल पहुंचे और छात्रों से बातचीत की।
देखें वीडियो-
प्रशासन ने दिया सुधार का भरोसा
DIOS ने छात्रों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्कूल में साफ पानी की व्यवस्था, टॉयलेट की सफाई, पंखों की मरम्मत, वायरिंग सुधार और अन्य जरूरी सुविधाओं पर तुरंत काम शुरू किया जाएगा। प्रशासन ने यह भी कहा कि यदि छात्रों से नियमों के खिलाफ कोई अतिरिक्त शुल्क लिया गया है तो उसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
क्या है Gen Alpha?
Gen Alpha (जेन अल्फा) उन बच्चों की पीढ़ी को कहा जाता है, जिनका जन्म लगभग 2010 से 2024 के बीच हुआ है। वहीं Gen Z पीढ़ी में 1997 से 2012 के बीच जन्मे लोग शामिल माने जाते हैं। फतेहपुर के इस मामले को सोशल मीडिया पर Gen Alpha के अपनी समस्याओं को लेकर खुलकर आवाज उठाने के उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है।

