नई दिल्ली: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने युवाओं से संवाद के दौरान छात्र आंदोलनों और नई पीढ़ी की सोच पर महत्वपूर्ण टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आंदोलन भी संवाद का एक वैध माध्यम है और केवल प्रदर्शन करने के आधार पर किसी भी युवा वर्ग को राष्ट्रविरोधी नहीं कहा जा सकता। भागवत ने कहा कि जब लोगों की बात नहीं सुनी जाती, तब वे अपनी मांगों को रखने के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि Gen-Z की शिकायतें, विशेषकर शिक्षा व्यवस्था को लेकर, काफी हद तक उचित हैं और इन मुद्दों पर गंभीर संवाद होना चाहिए।
नई पीढ़ी सवाल पूछती है, जवाब देना हमारी जिम्मेदारी
साथ ही मोहन भागवत ने कहा कि पहले की पीढ़ी बिना अधिक सवाल किए बड़ों की बात मान लेती थी, लेकिन आज के युवा हर बात का तर्क और जवाब चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि समाज और युवाओं के बीच मजबूत संबंध बनाए रखना है, तो संवाद की संस्कृति को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने भारतीय परंपरा के ‘शास्त्रार्थ’ का उल्लेख करते हुए कहा कि विचार-विमर्श से ही समाधान निकलता है और लोकतंत्र की यही सबसे बड़ी ताकत है।
यह भी पढ़ें-
‘कट मनी’ से बढ़ रहा मरीजों का खर्च! संसद में राघव चड्ढा ने उठाई रेफरल कमीशन पर रोक की मांग
शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताई
वहीं आरएसएस प्रमुख ने कहा कि भारत की शिक्षा व्यवस्था में अभी भी व्यापक सुधार की आवश्यकता है। शिक्षा को व्यवसाय नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का माध्यम माना जाना चाहिए। स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं, शिक्षकों का प्रशिक्षण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना समय की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज की भी है और सभी को मिलकर इस दिशा में काम करना होगा।
शिक्षा बजट बढ़ाने का किया समर्थन
मोहन भागवत ने शिक्षा पर GDP का 6 प्रतिशत खर्च किए जाने की मांग का समर्थन किया। बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए सरकार के साथ-साथ समाज की भागीदारी भी जरूरी है। उनके अनुसार, मजबूत शिक्षा प्रणाली ही देश की युवा शक्ति को सही दिशा देकर विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

