नई दिल्ली: घरेलू सर्राफा बाजार में 26 अगस्त को सोने की कीमत में मामूली गिरावट दर्ज की गई, जबकि चांदी के भाव में तेजी रही। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 610 रुपए सस्ता होकर 1.61 लाख रुपए पर पहुंच गया। वहीं, एक किलो चांदी 2,299 रुपए महंगी होकर 2.44 लाख रुपए हो गई।
इस साल सोना करीब ₹29 हजार महंगा
2026 में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने का भाव करीब 1.33 लाख रुपए था, जो अब बढ़कर 1.61 लाख रुपए हो गया है। यानी इस साल अब तक सोना करीब 28-29 हजार रुपए महंगा हो चुका है।
इसी तरह 31 दिसंबर 2025 को चांदी करीब 2.30 लाख रुपए प्रति किलो थी, जो अब 2.44 लाख रुपए पर पहुंच गई है। इस दौरान 29 जनवरी को सोने ने 1.76 लाख रुपए और चांदी ने 3.86 लाख रुपए प्रति किलो का ऑलटाइम हाई बनाया था।
दिसंबर तक और बढ़ सकते हैं दाम
कोटक सिक्युरिटीज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और कमोडिटी रिसर्च हेड अनिंद्य बनर्जी के मुताबिक, दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों की ओर से सोने की खरीदारी को लगातार समर्थन मिल रहा है। आरबीआई समेत कई केंद्रीय बैंक अपने भंडार में सोना बढ़ा रहे हैं।
उनके अनुमान के मुताबिक, वैश्विक परिस्थितियों में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ तो सोने में तेजी आगे भी जारी रह सकती है। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए दिसंबर तक सोने का भाव 1.70 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं, चांदी में भी तेजी आने पर इसकी कीमत 3 लाख रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकती है।

