सागर: रहली विधानसभा से 9 बार विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव का एक बयान चर्चा में है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता अपने आप को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से कम नहीं समझता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भी कहते हैं कि पार्टी का हर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री है, इसलिए किसी से प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है।
रहली में आयोजित वीर दुर्गादास राठौर जयंती समारोह के दौरान मंच से संबोधित करते हुए भार्गव ने कहा कि देश में लोकतंत्र है और सभी लोग बराबर हैं। कोई सेवक के रूप में काम कर रहा है तो कोई जनप्रतिनिधि के रूप में।
‘लोग तो ऐसे भौंकते रहते हैं’
अपने संबोधन में गोपाल भार्गव ने कहा, ‘लोग तो ऐसे भौंकते रहते हैं। हाथी अपनी मस्त चाल चलता है और कुत्ते उसके पीछे लगे रहते हैं। कुत्तों की चिंता नहीं की जाती।’ उन्होंने आगे कहा कि दो-चार चींटियां मिलकर गन्ने को नहीं खींच सकतीं।
भार्गव ने कहा कि इस तरह की कोशिश करने वालों की चिंता करने की जरूरत नहीं है। भाजपा का हर कार्यकर्ता अपने आप को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से कम नहीं समझता।
निवास के बाहर चिपकाया गया था पंपलेट
दरअसल, कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था। इसमें एक व्यक्ति ने गढ़ाकोटा स्थित गोपाल भार्गव के निवास के बाहर सड़क पर लगे बोर्ड पर ‘स्वघोषित मुख्यमंत्री’ लिखा पंपलेट चिपकाया था।
वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आया। वीर दुर्गादास राठौर जयंती कार्यक्रम के दौरान जब एक व्यक्ति ने इसी घटना का जिक्र किया, तो गोपाल भार्गव ने मंच से जवाब देते हुए यह बयान दिया।
‘किसी से सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं’
गोपाल भार्गव ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने आप को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से कम नहीं समझता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी लोग बराबर हैं और किसी को अपनी भूमिका के लिए किसी दूसरे से प्रमाणपत्र लेने की आवश्यकता नहीं है।

