Thursday, June 18, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsवडोदरा में खड़े ट्रक से टकराई स्लीपर बस; 6 की मौत, 31...

वडोदरा में खड़े ट्रक से टकराई स्लीपर बस; 6 की मौत, 31 घायल

वडोदरा। गुजरात के वडोदरा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने छह लोगों की जान ले ली, जबकि 31 यात्री घायल हो गए। हादसा शहर के कोटांबी स्टेडियम के पास हुआ, जहां राजस्थान से सूरत जा रही एक लग्जरी स्लीपर बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। मृतकों में एक 9 वर्षीय मासूम बच्चा भी शामिल है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बालाजी ट्रैवल्स की लग्जरी बस राजस्थान के बांसवाड़ा से सूरत जा रही थी। सुबह के समय वडोदरा पहुंचने पर बस अचानक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अंदर ही फंस गए।

मौके पर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, आपदा प्रबंधन दल और वडोदरा फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए वडोदरा के एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद लगा लंबा जाम

दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को सुचारू कराया। हादसे के कारण कई घंटों तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।

गुजरात में हाल के दिनों में बढ़े सड़क हादसे

गौरतलब है कि गुजरात में हाल के दिनों में सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले 2 जून को सूरत जिले के बारडोली के पास भी दो बसों की आमने-सामने टक्कर में 7 यात्रियों की मौत हो गई थी, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हुए थे।

उस हादसे में सड़क पर पलटे एक टैंकर को बचाने के प्रयास में एक बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा था। बस डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही दूसरी बस से टकरा गई। टक्कर के बाद एक बस में आग भी लग गई थी, जिससे नुकसान और बढ़ गया था।

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

वडोदरा की ताजा दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लंबी दूरी की यात्री बसों के संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जांच में दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के पीछे की वास्तविक वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal – 14 to 20 june 2026
Bhopal- 31 to 6 June 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन