भोपाल। मप्र के करीब 9.5 करोड़ नागरिकों के लिए डिजिटल सेवाओं को और आसान बनाते हुए राज्य सरकार ने समग्र (फैमिली आईडी) को डिजीलॉकर से जोड़ दिया है। अब नागरिक अपनी सत्यापित (Verified) समग्र आईडी को सीधे DigiLocker ऐप या वेबसाइट के माध्यम से देख और डाउनलोड कर सकेंगे।
‘डिजिटल इंडिया’ अभियान के तहत शुरू की गई इस सुविधा से समग्र आईडी का उपयोग पहले से कहीं अधिक सरल और सुरक्षित हो जाएगा। जिन लोगों के पास पहले से समग्र आईडी है, वे उसे डिजीलॉकर में सुरक्षित रख सकेंगे, जबकि जिनके पास फैमिली आईडी नहीं है, वे DigiLocker के माध्यम से ही नई समग्र आईडी के लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे।
चार आसान चरणों में मिलेगी समग्र आईडी
- DigiLocker ऐप या वेबसाइट पर लॉगिन करें।
- “Issued Documents” में जाकर “Samagra/Family ID Madhya Pradesh” सर्च करें।
- आवश्यक जानकारी भरकर सहमति दें।
- “Fetch Document” पर क्लिक करते ही समग्र आईडी आपके DigiLocker खाते में सेव हो जाएगी।
सरकारी योजनाओं का लाभ लेना होगा आसान
मध्य प्रदेश में समग्र आईडी सरकारी योजनाओं, पेंशन, सामाजिक सुरक्षा और विभिन्न लाभों के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। DigiLocker में उपलब्ध होने से नागरिकों को कागजी दस्तावेज साथ रखने की जरूरत कम होगी और सरकारी कार्यालयों में दस्तावेजों का सत्यापन भी तेजी से हो सकेगा।
सरकार का मानना है कि इस पहल से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी और नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में अधिक सुविधा मिलेगी।

